
उदयपुर. बड़गांव स्थित शिवम् कॉम्प्लेक्स कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र के लोग दो साल से पेयजल संकट झेल रहे हैं। मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान पेयजल लाइन काट दी गई, पर अब तक जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी। विडंबना यह है कि नलों में पानी नहीं पहुंच रहा, जबकि जलदाय विभाग नियमित पानी का बिल भेज रहा है। कॉलोनीवासियों ने कई बार जलदाय विभाग और प्रशासन से शिकायत की, पर अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया। मजबूरी में लोग पानी खरीदकर दैनिक जरूरतें पूरी कर रहे हैं।
सड़क बनी, पर अटक गए कनेक्शन
जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले यूडीए ने मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण किया। इस दौरान कॉलोनियों की पेयजल लाइन काट दी गई। यहां जलदाय विभाग की ओर से कुछ पाइप-लाइन बिछाकर सप्लाई को सुचारू करना था, पर ऐसा नहीं हो सका। सड़क बनने के बाद जलदाय विभाग ने रोड कटिंग की अनुमति मांगी, जिसे स्वीकृति नहीं मिलने से काम अटक गया। इससे सरकारी एजेंसियों के बीच समन्वय की कमी भी उजागर हुई है।
जलदाय विभाग बोला-जल्द आपूर्ति होगी
यूडीए के सड़क निर्माण के दौरान पेयजल सप्लाई बाधित हुई। नए कनेक्शन के लिए तीन बार निविदाएं जारी की, पर किसी भी ठेकेदार ने रुचि नहीं दिखाई। इसके बाद रोड कटिंग की समस्या आ गई। यहां ट्रेंच छोड़े हुए है। जल्द काम शुरू करके क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू की जाएगी।
-सृष्टि मेनारिया, एक्सईएन द्वितीय, पीएचईडी
कॉलोनीवासियों ने कहा...
दो वर्षों से घरों में पेयजल नहीं पहुंच रहा। मजबूरी में पानी खरीदना पड़ रहा है, पर जलदाय विभाग हर माह नियमित रूप से बिल भेज रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
- श्यामसुंदर श्रीमाली
जलापूर्ति बंद होने से काम प्रभावित हो रहे हैं। बिना पानी दिए बिल भेजना अन्याय है। विभाग को स्थायी समाधान करना चाहिए। भूजल में फ्लोराइड ज्यादा है। टैंकर से पानी डलवाना हर व्यक्ति के बस की बात नहीं।
- सरोज जैन
समस्या शुरू होने के साथ ही कॉलोनी के प्रतिनिधियों ने जलदाय विभाग, यूडीए और प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर लगाना शुरू कर दिया था। बार-बार शिकायत के बावजूद स्थिति जस की तस बनी है। अब लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है।
- कुसुम श्रीमाली
जलापूर्ति बहाल कराने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया, पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नियमित बिल भेजे जा रहे हैं, जबकि पानी की एक बूंद भी नसीब नहीं हो रही।
- दुर्गाशंकर शर्मा
समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
बड़गांव में आरा मशीन के पास शिवम कॉम्प्लेक्स कॉलोनी के वाशिंदे पिछले दो वर्ष से पानी की समस्या से जुझ रहे हैं। सात दिन में इसका समाधान नहीं हुआ तो जलदाय विभाग के ऑफिस का घेराव किया जाएगा। यह सीधे-सीधे जलदाय विभाग की लापरवाही और जनहित की अनदेखी हैं।
- भुवनेश व्यास, निवर्तमान सदस्य, पंचायत समिति बड़गांव