उदयपुर

30 जून को उदयपुर में अमित शाह, मोदी सरकार के कामकाज का करेंगे बखान, 50 हजार लोगों के जुटने का दावा

देश के गृहमंत्री अमित शाह 30 जून को मेवाड़ की धरा से राजस्थान में चुनावी शंखनाद करेंगे। वे केन्द्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर भाजपा की ओर से किए जा रहे लोकसभा सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाह के आने के मद्देनजर उदयपुर लोकसभा क्षेत्र में वृहद स्तर पर तैयारियां की जा रही है।
2 min read
• •
Updated: 25 Jun 2023, 1:52 PM IST
amit shah


उदयपुर. देश के गृहमंत्री अमित शाह 30 जून को मेवाड़ की धरा से राजस्थान में चुनावी शंखनाद करेंगे। वे केन्द्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर भाजपा की ओर से किए जा रहे लोकसभा सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाह के आने के मद्देनजर उदयपुर लोकसभा क्षेत्र में वृहद स्तर पर तैयारियां की जा रही है। भाजपा ने उदयपुर के गांधी ग्राउंड में बड़ी जनसभा में 50 हजार लोगों की मौजूदगी का लक्ष्य रखा है। आयोजन के सम्बंध में शनिवार को पटेल सर्कल स्थित भाजपा कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता में भाजपा के लोकसभा प्रभारी प्रमोद सामर ने बताया कि उदयपुर लोकसभा क्षेत्र में 8 विधानसभा सीट है।

इनमें प्रशासनिक दृष्टि से 659 ग्राम पंचायतें और भाजपा के 42 मंडल है। सभा स्थल गांधी ग्राउंड में एक लाख 56 हजार वर्गफीट के तीन बड़े डोम बनाए जाएंगे। साठ गुना सौ फीट का मंच बनेगा, वहीं पूरे शहर को सजाया जाएगा। विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए 31 समितियों का गठन किया गया है। हर बूथ पर 50 कार्यकर्ता का लक्ष्य रखा गया है, उन्हें लाने के लिए 250 से 300 बसों की व्यवस्था की जा रही है।


कमल मेहंदी, बुलेट रैली जैसे आयोजन
सामर ने बताया कि मोदी सरकार के 9 साल में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने, अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनवाने, तीन तलाक हटाने, सहकारिता का अलग से मंत्रालय बनाने आदि को लेकर आभार प्रदर्शन भी किया जाएगा। आभार प्रदर्शन के तहत कमल मेहंदी, दीपदान, केन्द्र की योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान, युवा किसान चौपाल, श्रम योगी सम्मान, छात्र संवाद, बुलेट रैली, मानव श्रृंखला आयोजन होंगे।

शाह के साथ मंच साझा करने वालों के नाम तय नहीं
शाह की सभा में मंच पर बैठने के लिए अभी तक प्रदेशाध्यक्ष, क्षेत्रीय सांसद व विधायकों के ही बैठने पर विचार हुआ है, इस सम्बंध में अभी उच्च स्तर से सूची का इंतजार किया रहा है। इसके अलावा 27 जून को पीएम मोदी भोपाल में बूथस्तरीय कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे, जिसमें राजस्थान से 100 कार्यकर्ता जा रहे हैं, जिनमें उदयपुर से भी चार लोग शामिल होंगे।

कांग्रेस ने आदिवासियों को हथियार बनाया
सांसद अर्जुन मीणा ने कहा कि उदयपुर लोकसभा सीट जनजाति समाज का बड़ा प्रतिनिधित्व करती है। इसलिए जनजाति समाज की भी बड़ी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि उदयपुर लोकसभा क्षेत्र में केन्द्र की योजनाओं की बरसात हुई है। सबसे बड़ी सौगात उदयपुर-अहमदाबाद आमान परिवर्तन सहित पूरे दक्षिणी राजस्थान में रेल परियोजनाएं हैं। मीणा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों को हमेशा हथियार बनाकर रखा है।


अमित शाह उदयपुर में करेंगे सभा व जयपुर में मीडिया से संवाद करेंगे

- 11 बजे सुबह उदयपुर एयरपोर्ट पर आगमन

- 11.30 बजे एयरपोर्ट पर सभा स्थल की रवानगी

- 12.00 बजे दोपहर सभा स्थल गांधीग्राउंड पर पहुंचेंगे

- 12.10 बजे तक सांसद और प्रदेशाध्यक्ष सी.पी.जोशी का उद्बोधन

- 1.00 बजे तक केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का उद्बोधन

- 2.00 बजे डबोक एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान

- 2.20 बजे डबोक एयरपोर्ट से जयपुर के लिए प्रस्थान

- 3.00 बजे जयपुर में स्वागत

- 3.10 से 4.10 बजे तक जयपुर में मीडिया संवाद

- 4.30 से 5.00 बजे तक सम्पर्क से समर्थन कार्यक्रम

- 5.00 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान

Published on: