उदयपुर

इस गांव की लोगों की नाराजगी इतनी भारी पड़ी कि प्रशासन को देनी पड़ी हाथोंहाथ सड़क निर्माण की स्वीकृति

ग्रामीणों की नाराजगी व प्रदर्शन का तत्काल असर, सूचना पट्ट को लेकर ग्रामीणों में बढ़ी छलावे की आशंका
less than 1 minute read
udaipur
इस गांव की लोगों की नाराजगी इतनी भारी पड़ी कि प्रशासन को देनी पड़ी हाथोंहाथ सड़क निर्माण की स्वीकृति

उदयपुर/ झाड़ोल. उपखण्ड की फलासिया पंचायत समिति क्षेत्र की कवेल ग्राम पंचायत के सरवण गांव में एकाएक एक आदेश के बाद दो किलोमीटर तक सड़क निर्माण के प्रस्तावित कार्य को लेकर लगाए गए सूचना पट्ट को लेकर लोगों में खुशी का माहौल है, जबकि स्वीकृति एवं सूचना पट्ट में दी गई निर्माण कार्य की सूचना को लेकर लोगों में भीतर ही भीतर प्रशासनिक छलावे की आशंकाएं जन्म ले रही हैं। हाल ही में मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों की ओर से उपखण्ड कार्यालय के घेराव के बाद हरकत में आए प्रशासनिक अमले ने जनजाति विभाग से 118.67 लाख की स्वीकृति जारी कराई। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग ने दो किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का सूचना पट्ट संबंधित मार्ग पर लगवा दिया। अब ग्रामीणों में चिंता इस बात की है कि स्वीकृति के तहत सड़क निर्माण की लंबाई 2.75 किलोमीटर है, जबकि मौके पर दो किलोमीटर लिखा हुआ है। गौरतलब है कि घेराव के दौरान ग्रामीणों ने आगामी दिनों में चुनाव बहिष्कार एवं प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी।

साथ लेकर आए वित्तीय स्वीकृति
प्रशासनिक अधिकारियों की मानें तो सरवण तक डामरीकरण के लिए प्रस्तावित 2.75 किमी सड़क निर्माण को लेकर हाथोंहाथ प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की अनुशंसा टीएडी के संभागीय आयुक्त से कराई गई। उसकी प्रति लेकर तत्कालीन तहसीलदार मनसुख डामोर एवं तत्कालीन नायब तहसीलदार पर्वतसिंह राठौड़ धरना स्थल पर लेकर पहुंचे थे।

सही करवा देंगे
सड़क निर्माण की स्वीकृति 2.75 किमी की है। सोम से सरवण मार्ग पर लगा हुआ २ किलोमीटर का बोर्ड तकनीकी गलती है। इसमें सुधार कराया जाएगा।
युनीस पीरजादा, सहायक अभियता, पीडब्ल्यूडी झाड़ोल

Published on:
12 Mar 2019 09:30 pm