
झाड़ोल . उपखण्ड क्षेत्र में ओगणा ग्राम पंचायत की जनता जल योजना का विद्युत कनेक्शन कटने कस्बावासियों पर आफत आ गई है। योजना में लगी ४ मोटरों का विद्युत बिल बकाया होने से एक पखवाड़े पूर्व विद्युत निगम ने कनेक्शन काट दिया था। सप्ताह भर बाद भी बिल जमा नहीं करवा पाने पर ग्राम पंचायत ने कस्बे में टैंकर से जल वितरण शुरू करवाया। पंचायत ने बजट के अभाव में बुधवार को टैंकर के जरिये जल वितरण भी बंद कर दिया जिससे लोग पानी के लिए दर दर भटकने को मजबूर हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत की ओर से बरसों से जनता जल योजना के तहत गांव में अलग अलग चार कुएं से जलापूर्ति कर रही थी। जनता जल योजना के कर्मचारी द्वारा नियमित बिल वसूली के बावजूद विद्युत निगम की बकाया राशि बढ़ती गई। वर्तमान में करीब आठ लाख बकाया है जिसमें से पंचायत ने एक लाख रुपए जमा करवा दिए लेकिन शेष राशि जमा नहीं करवा पाई। एेसे में विद्युत निगम के कर्मचारी ने हॉस्पिटल मार्ग, पुलिया मार्ग और इंदिरा कॉलोनी में लगी तीनों मोटरों के कनेक्शन काट दिए। इसमें एक कनेक्शन को जोड़ देने से कुम्हारवाड़ा एवं मेघवाल कॉलोनी में जलपूर्ति होने से उपभोक्ताओं ने मतभेद का आरोप लगाया।
सर्दी में पानी की किल्लत
कस्बे में 15 दिन से उपभोक्ताओं को सर्दी के मौसम में पानी के लिए परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। संरपच के नेतृत्व में उपभोक्ताओं ने विकास अधिकारी, जिला कलक्टर एवं जिला परिषद अधिकारी तक का दरवाजा खटखटकाया लेकिन पेयजल समस्या का हल नहीं निकल पाया।
.............
हमारे पास बजट नहीं है। विकास अधिकारी, जिला कलेक्टर एवं जिला परिषद को भी अवगत करवाया है। जनता जल योजना के कनेक्शन कटने से कस्बे में विकट जल संकट उत्पन्न हो गया है।
लक्ष्मीलाल, सरपंच ग्राम पंचायत ओगणा
ग्राम पंचायत ओगणा ने प्रशासन के समक्ष मजबूती से अपना पक्ष नहीं रखा जिससे यह समस्या पैदा हो रही है। सबका सहयोग लेकर प्रशासन से वार्ता करनी चाहिए ताकि कस्बे की जल समस्या हल हो सके।
लोकेश जैन, प्रतिपक्ष नेता पंस झाड़ोल
बजट आया नहीं है, आते ही ग्राम पंचायत को आवंटन कर दिया जाएगा।
कमर चौधरी, सीइइओ जिला परिषद उदयपुर