March Weather Forecast: झीलों की नगरी उदयपुर में मौसम इन दिनों तेजी से करवट बदल रहा है। तीन दिन की लौटी ठंड के बाद अब गर्मी ने फिर दस्तक दे दी है और पारा लगातार चढ़ने लगा है। मौसम विभाग के संकेत हैं कि अगले सप्ताह तापमान और बढ़ सकता है, जिससे मार्च में गर्मी का असर और तेज होगा।
Rajasthan Weather Update: झीलों की नगरी में मौसम इन दिनों आंख-मिचौली खेल रहा है। पिछले सप्ताह तक बढ़ते तापमान पर अचानक ब्रेक लगा और तीन दिन के लिए सर्दी ने वापसी कर ली। सुबह-शाम हल्की ठंडक और दिन में राहत का माहौल बना, लेकिन अब एक बार फिर पारा चढ़ने लगा है। रविवार को धूप तीखी रही और शाम ढलने के बाद भी गर्मी का अहसास बना रहा। मौसम के इस उतार-चढ़ाव ने लोगों की दिनचर्या और पहनावे दोनों को प्रभावित किया है।
तीन दिन की लौटी ठंड के बाद अब गर्मी की दस्तक ने साफ संकेत दे दिए है कि मौसम स्थिर नहीं है। रविवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और दोपहर तक धूप में तीखापन साफ महसूस हुआ। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर दोपहर के समय लोगों ने छांव तलाशते नजर आए। खास बात यह रही कि शाम ढलने के बाद भी हवा में ठंडक कम रही और हल्की गर्माहट बनी रही। बीते दिनों जहां सूर्यास्त के बाद स्वेटर या हल्का जैकेट पहनने की जरूरत पड़ रही थी, वहीं अब गर्म कपड़े पूरी तरह समेट दिए हैं। लिहाजा उदयपुर में गर्मी की आहट तेज हो चुकी है और आने वाला सप्ताह पारे की नई ऊंचाइयों की ओर इशारा कर रहा है।
मौसम के इस बदलाव का असर घरों और कार्यालयों में साफ दिखने लगा है। दोपहर के समय गर्मी के कारण पंखे चलने लगे हैं। कई जगहों पर कूलर की सफाई और एसी की सर्विसिंग की तैयारी भी शुरू हो गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यही रुख रहा तो अगले सप्ताह से तापमान में और तेजी आ सकती है।
तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव से सर्दी-खांसी और वायरल संक्रमण के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। चिकित्सकों की सलाह है कि सुबह-शाम के समय हल्का बचाव रखें। पर्याप्त पानी पीना और संतुलित आहार लेना जरूरी है, क्योंकि मौसम का यह संक्रमण काल शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित करता है।
मौसम के रुझानों के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। साफ आसमान और पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति के कारण तेज धूप बनी रहने की संभावना है। ऐसे में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर और स्पष्ट हो सकता है। इस समय सावधानी बरतना जरूरी है।