
उज्जैन पत्रिका. खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सोमवार को तेल के डिब्बे में मरा हुआ चूहा निकलने की शिकायत के बाद दौलतगंज और फव्वारा चौक की दुकानों से सैंपल लिए हैं। बताया जाता है कि रेलवे कॉलोनी निवासी विकास तंवर ने फव्वारा चौक स्थित तेल की दुकान से शनिवार को तेल का डिब्बा भरवाया था। रविवार रात को जब परिवार भोजन बनाने के लिए डिब्बे से तेल निकालने लगा तो पता चला कि डिब्बे से भयंकर बदबू आ रही है।
अंदर देखा तो पता चला
अंदर देखा तो पता चला कि डिब्बे में मरा हुआ चूहा पड़ा है। इसके बाद ग्राहक ने इसकी शिकायत खाद्य एवं औषधि प्रशासन से कर दी। इधर दुकानदार का कहना है कि ग्राहक ने पैकिंग डिब्बा नहीं खरीदा था जबकि तेल भरवाया था और डब्बा खुला था। ऐसे में घर पर ही चूहा तेल के डब्बे में गिरा है। मामले में औषधि प्रशासन ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद दुकान से सैंपल लिया है। बताया जाता है कि इसी तरह अन्य दुकानों से भी औषधि प्रशासन ने तेल व अन्य खाद्य वस्तुओं के नमूने लिए हैं।
चोरों ने दरवाजे का सेंट्रल लॉक तोड़ा
उज्जैन. बसंत विहार निवासी पटवारी जामगढ़े के मकान में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पोर्च मेे पेटी के नीचे रखे सब्बल से ही चोरों ने दरवाजे का सेंट्रल लॉक तोड़ा और नगदी-जेवर ले उड़े। एक गली छोड़कर चोरों ने सेवानिवृत्त शिक्षक के मकान में भी हाथ साफ कर दिया। बसंत विहार शहर की पॉश कॉलोनी है। बीते दो वर्ष में इसी कॉलोनी में ही २५ से अधिक बड़ी चोरियां की वारदात हो चुकी हैं।
अलमारी का लॉकर तोड़कर
पटवारी आदर्श पिता मदनराव जामगढ़े के बसंत विहार के बी-सेक्टर स्थित मकान में रविवार-सोमवार रात को चोरों ने धावा बोला। चोर मुख्य दरवाजे पर लगे ताले और सेंट्रल लॉक तोड़कर घरे में घुसे। यहां चोरों ने बेडरूम में अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे ३० हजार नगदी, ६ जोड़ी टॉप्स, २ अंगूठी, नथ आदि ले गए। पटवारी जामगढ़े ने बताया कि वे १ फरवरी को परिवार के साथ नई दिल्ली में निवासरत रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे। मां मनोरमा समाज के कार्यक्रम के चलते घर पर ही रुक गई थी। वे प्रथम मंजिल पर रहती है और रोजाना सुबह-शाम घर के ताले को चेक करती थी।
घर पहुंचे तो देखा कि
घटना से पहले शाम को उन्होंने नीचे ताला लगा हुआ देखा था। सोमवार को हम लोग लौटने वाले थे, इसलिए नीचे नहीं आई। सुबह करीब ११ बजे जब वे घर पहुंचे तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। बाद में सूचना देने पर पुलिस पहुंची।