
ujjain ravikant sharma, नोटों की गड्डियों के साथ रविकांत शर्मा (Source-Patrika File)
Ujjain Ravikant Sharma: मध्यप्रदेश के उज्जैन में होमगार्ड रहते नोटों की गड्डियों के साथ जिस जवान का वीडियो वायरल हुआ था, वही अब वनरक्षक भर्ती की 25 किमी की पैदल चाल परीक्षा में चालबाजी करते पकड़ा गया है। मामला सामने आने के बाद अभ्यर्थी रविकांत शर्मा को चयन समिति ने डिसक्वालिफाई कर दिया है। डीएफओ अनुराग तिवारी ने इसकी पुष्टि की है।
शनिवार को नवलखी बीड़ मनोरंजन पार्क से पंचक्रोशी मार्ग तक आयोजित पैदल चाल परीक्षा के दौरान चेस्ट नंबर 282 वाले रविकांत को बाइक पर बैठकर आगे जाते देखा था। वन विभाग की टीम ने इसका वीडियो बनाया और अधिकारियों तक पहुंचाया। मामला सामने आने के बाद दिनभर कार्रवाई को लेकर घटनाक्रम चलता रहा। शाम को चयन समिति ने अभ्यर्थी को अयोग्य घोषित करने का निर्णय लिया।
वनरक्षक भर्ती-2026 की चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर की पैदल चाल चार घंटे में पूरी करनी थी। इसी दौरान चेस्ट नंबर 282 वाला रविकांत शर्मा पैदल चलने के बजाय बाइक पर बैठकर आगे निकल गया। बताया गया कि बाइक पर बैठते समय उसने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। अभ्यर्थियों के पीछे चल रही वन विभाग की टीम की नजर उस पर पड़ी तो उसका वीडियो बना लिया गया। बाद में चेस्ट नंबर के आधार पर उसकी पहचान की गई।
डीएफओ अनुराग तिवारी के मुताबिक, रविकांत के बाइक पर बैठकर आगे जाने की जानकारी मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की गई। जिस बाइक सवार से उसने लिफ्ट ली थी, उससे भी पूछताछ की गई और बाइक का नंबर नोट किया गया। अधिकारियों के सामने मामला आने पर रविकांत ने माफी मांगी। बाद में उसने तबीयत खराब होने की बात कही। पैदल चाल के दौरान अभ्यर्थियों के पीछे एंबुलेंस भी चल रही थी, ताकि जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता मिल सके।
दोपहर में मामला सामने आने के बाद रविकांत को भर्ती प्रक्रिया से बाहर करने की कार्रवाई की जानकारी दी थी। शाम को चयन समिति ने उसे डिसक्वालिफाई करने का निर्णय लिया। डीएफओ अनुराग तिवारी ने भी इसकी पुष्टि की है। इस तरह 25 किलोमीटर की पैदल चाल परीक्षा में नियमों के विपरीत बाइक से आगे जाने का मामला सामने आने के बाद अभ्यर्थी को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया।
Updated on:
24 Oct 2026, 10:40 PM IST
Published on:
24 Oct 2026, 10:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.