प्याज खरीदी जैसी योजनाओं में भ्रष्टाचार और भाजपा में गुटबाजी का आरोप लगाया
उज्जैन. सांसद कमलनाथ के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भी पार्टी में गुटबाजी की चर्चाओं को कार्यकारी अध्यक्ष बाला बच्चन ने सिरे से नकारा है। उनके अनुसार नाथ ? सवर्मान्य नेता है और सभी उनके नेतृत्व में कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार भाजपा में गुटबाजी और अनुशासनहिनता इस कदर है कि प्रदेश अध्यक्ष की बैठक में उनके पार्षद ही शामिल नहीं हो रहे हैं।
शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष बाला बच्चन पुत्री के साथ शहर पहुंचे और महाकाल मंदिर में पूजन-अर्चन किया। दो दिन पूर्व नाथ के आगमन पर अन्य खेमे के नेताओं के नहीं आने को लेकर बाला बच्चन ने कहा, वह उनका धार्मिक और अनौपचारिक दौरा था इसलिए कुछ लोग नहीं आए होंगे। गुटबाजी भाजपा में है। हाल में भोपाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के पार्षदों की विशेष बैठक बुलाई थी। भोपाल में भाजपा के ५५ में से ८ पार्षद ही बैठक में शामिल हुए थे। उन्होंने यह भी कहा कि, भाजपा सरकार के झूठे वादों से जनता त्रस्त हो चुकी है और इस चुनाव में मतदाता उनसे हिसाब लेंगे।
गलत नीतियों से प्याज महंगा
समर्थन मूल्य पर प्याज की खरीदी और बाद में वही प्याज आम जन को महंगे दामों पर मिलने को लेकर बच्चन ने कहा, यह गलत नीतियों का परिणाम है। वर्ष २०१६ में सरकार ने १० लाख क्विंटल प्याज खरीदना बताया था। तुलाई, हम्माली आदि पर प्रति क्विंटल २२० रुपए व भंडारण चार्ज १४० रुपए प्रति क्विंटल बताया गया था। भंडारण कर्ता व फर्मों के नाम सरकार ने आज तक नहीं बताए। किसान से ओने-पोने दाम पर प्याज खरीदकर सरकार अपने ही लोगों को भंडारण का ठेका देकर भ्रष्टाचार करती है। सरकार ने ८०० करोड़ रुपए का प्याज सड़ाया है, जबकि बाजार में जनता को महंगे दामों पर इसे खरीदना पड़ा है। यह सरकार की विफलता है। हालांकि बाला बच्चन कांग्रेस की सरकार बनने पर इस तरह की समस्या के लिए क्या नीति अपनाएगी, इस पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
प्रदेश कार्यकारिणी जल्द
बाला बच्चन के अनुसार कांग्रेस में चुनावी संगठनात्मक तैयारियां तेजी से चल रही है। कमलनाथ एक वर्ष से तैयारियों में लगे हुए हैं। कुछ दिनों में सभी को जिम्मेदारी बांट दी जाएंगी। एक-दो सप्ताह में प्रदेश कार्यकारिणी भी घोषित हो जाएगी। बूथ लेवल तक मजबूतीकरण किया जाएगा।
यह भी बोले बच्चन
- संघ प्रमुख मोहन भागवत के कथित बयान कि शास्त्रों में परिवर्तन किया जाएगा, को बच्चन ने बेतुका कहा है। उनके अनुसार वह तालाब में पत्थर फेंक नहर चेक करने का काम करते हैं।
- निमाड़ विशेषकर बड़वानी, खरगोन की सभी सीटें कांग्रेस को मिला करती थी। भाजपा ने किसानों के ५० हजार रुपए ऋण माफी का झूठा वादा किया, लोग उनकी चाल में आ गए थे लेकिन कर्जा माफ नहीं हुआ। जनता समझ गई है और निमाड़ के साथ मालवा भी कमबैक करेगा।
- ३० सालों से कांग्रेस जिन सिटों पर नहीं जीती है, ऐसी सीटों के लिए भी पार्टी रणनीति बना रही है।