
Ujjain News :मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के कंठाल चौराहे के पास स्थित बागड़िया टावर में बुधवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बहुमंजिला इमारत में आग के साथ धुएं का गुबार फैलने से कई लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही नगर निगम की पांच दमकलें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अब तक 6 से 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका था। हालांकि, इमारत के अलग-अलग फ्लैटों में लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैल रही थी और पूरे टावर में धुआं भर गया था। इसके कारण अंदर की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। दमकलकर्मियों को भी अंदर पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की बिजली बंद कर दी गई। आग की सूचना पर पुलिस और नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
शुरुआती सूचनाओं में टावर के फ्लैट नंबर 204 और 304 में परिवारों के फंसे होने की बात सामने आई थी। फ्लैट 304 में दीपक कोठारी के परिवार के होने की सूचना भी मिली। हालांकि, धुएं के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि इमारत में कितने लोग और कहां फंसे हैं। बचाव दल ने लोगों तक पहुंचने के प्रयास तेज किए।
टावर में मेडिकल संस्थान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की जानकारी सामने आई। मौके पर मेडिकल वेस्ट बड़ी मात्रा में पड़े होने की बात भी कही गई। आग के बीच मेडिकल कचरे की मौजूदगी ने चिंता बढ़ा दी। एमपी मेडिकल की खिड़कियों के कांच बाहर से तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बड़े भाई नारायण यादव, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित भाजपा, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता तथा अन्य सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य में सहयोग के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने के प्रयास किए गए। दमकल की गाड़ियां लगातार आग बुझाने में लगी रहीं। आसपास के रहवासियों से गैस सिलेंडर बंद रखने और पीएनजी गैस आपूर्ति भी बंद करने की अपील की गई, ताकि आग फैलने की आशंका को कम किया जा सके।