11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मवेशियों की खुशहाली के लिए उमड़ा जनसैलाब, कारस देव मंदिर में एमपी के साथ राजस्थान-यूपी से पहुंचे भक्त

Karas Dev Temple : बरोदिया में दूज पर 50 हजार लोग दर्शन के लिए पहुंचे, दूध- दही और देसी घी व नारियल अर्पित किए। कारस देव मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। मवेशियों की कुशलता और वंश वृद्धि की मांगी मन्नतें।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

गुना

•

image

Mohammad Faiz Mubarak

•

Updated: 11 Nov 2026, 6:36 PM IST

Karas Dev Temple

कारस देव मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा (फोटो सोर्स: Patrika)

Guna News : दीपावली के बाद दूज के मौके पर मध्य प्रदेश के गुना जिले के अंतर्गत आने वाले बमोरी के बरोदिया गांव में स्थित प्राचीन कारस देव मंदिर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। जहां परंपरानुसार मेला आयोजित किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालु दूर-दूर से अपनी मवेशियों की कुशलता और वंश वृद्धि की मन्नत लेकर पहुंचे। जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर कारस देव मंदिर कई सालों से ग्रामीण आस्था का प्रमुख केंद्र है।

मंदिर समिति के लालसिंह धाकड़ ने बताया कि, दूज के मौके पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का यहां पहुंचना शुरू हो गया था और देर रात तक मंदिर परिसर में तकरीबन 50 हजार लोग दर्शन के लिए पहुंच चुके थे। श्रद्धालुओं ने भगवान कारस देव के चरणों में दूध, दही, घी, नारियल और मिठाइयां अर्पित कर पूजन- अर्चन किया। साथ ही उन्होंने अपने मवेशियों के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की। मंदिर से जुड़े भक्तों का विश्वास है कि जो व्यक्ति सच्चे मन से यहां मन्नत मांगता है, उसकी मवेशियों से जुड़ी सभी परेशानियां दूर हो जाती हैं।

मन्नत की घंटियों से जुड़ी है अनोखी परंपरा

इस मंदिर की सबसे अनोखी परंपरा मन्नत की घंटियों से जुड़ी है। जिन लोगों के मवेशियों का प्रजनन नहीं हो पाता, वे यहां पूजा कर भगवान कारस देव से मन्नत मांगते हैं और मंदिर से एक घंटी लेकर अपने पशु के गले में बांध देते हैं। जब उनकी मन्नत पूरी हो जाती है, तो वे अगले साल दो घंटियां लेकर मंदिर में लौटते हैं और भगवान को अर्पित करते हैं। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और ग्रामीण इसे अटूट श्रद्धा से निभाते हैं।

भंडारे में बंटे मालपुए-खीर, भक्ति में डूबे भक्त

मंदिर के जुड़े ग्रामीणों का कहना है कि, मेले में जगह-जगह भंडारे आयोजित हुए, जहां देसी घी से बने मालपुआ, खीर और अन्य प्रसाद श्रद्धालुओं को बांटे गए। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि, इस साल भंडारे में करीब 5 ड्रम शुद्ध घी और करीब 1 हजार किलो आटा इस्तेमाल हुआ है। साथ ही मंदिर में दान के रूप में तौर पर करीब 10 क्विंटल घी, 20 क्विंटल गेहूं, 20 क्विंटल आटा और करीब 5 क्विंटल पीतल की टोकरियां दान में मिली है। दिनभर मंदिर परिसर में घंटियों की गूंज और भक्तों के जयकारों से वातावरण पवित्र बना रहा।

हजारों साल पुरानी मान्यता

मंदिर की मान्यता हजारों साल पुरानी बताई जाती है। ऐसा कहा जाता है कि, ये प्रदेश का इकलौता मंदिर है, जहां पशुधन की समृद्धि और स्वास्थ्य के लिए पूजा होती है। इस वजह से हर साल दीपावली की दोज के दिन यहां मध्य प्रदेश के साथ - साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में इस दौरान भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि, ये पर्व न सिर्फ धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि पशुपालन करने वाले किसानों के लिए उम्मीद और विश्वास का प्रतीक भी है। कारस देव की कृपा से उनके पशु स्वस्थ रहते हैं और उनके जीवन में समृद्धि आती है।