
उज्जैन. तराना ग्राम कड़ोदिया में कथित कर्ज से परेशान किसान राधेश्याम द्वारा आत्महत्या के मामले में कांग्रेस नेता बुधवार को मृतक के परिजनों से मिले। इस दौरान पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता करने के साथ ही पुत्री को इंदौर होस्टल में प्रवेश दिलाकर पढ़ाने की जिम्मेदारी ली।
शुक्रवार को सांसद व प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष सामाजिक न्याय परिसर में किसान व युवा आक्रोश सभा करेंगे। इसको लेकर पूर्व सांसद प्रेमचंद प्रेमचंद गुड्डू ने बुधवार को महिदपुर, तराना व उन्हेल का दौरा कर ग्रामीणजनों से आक्रोश रैली व सभा में शामिल होने का कहा। कांग्रेस नेता दीपक मेहरे नेबताया, इस दौरान गुड्डू ग्राम कड़ोदिया भी पहुंचे और मृतक किसान के परिजनों से मिल उनके हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। गुड्डू के साथ पहुंचे तराना के राजेन्द्र मालवीय ने पीडि़त परिवार को 21 हजार की सहायता राशि भेंट की। साथ ही परिवार के बच्चों को इंदौर स्थित होस्टल में प्रवेश दिलाकर पढ़ाई का संपूर्ण खर्च उठाने की जवाबदारी ली। दौरे में कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयसिंह दरबार, भरत पोरवाल, हेमंतसिंह चौहान, सरदारसिंह चौहान मौजूद थे।
मंच से पहले किया भूमिपूजन
जन आक्रोश रैली के बाद सुबह १२ बजे आगररोड सामाजिक न्याय परिसर में सिंधिया सभा करेंगे। सभा को लेकर बनने वाले मंच के लिए बुधवार को मौके पर भूमिपूजन किया गया। पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, सत्यनारायण पंवार, मनोहर बैरागी, महेश परमार, योगेश शर्मा, नारायणसिंह भाटिया, आजम शेख, सुनील कछवाय, संजय ठाकुर, चंद्रभानसिंह चंदेल, उमेश सेंगर, पंकज तिवारी, नरेंद्र कछवाय आदि ने भूमिपूजन किया।
युवाओं पर दिखेगा सिंधिया का चेहरा
पार्षद बीनू कुशवाह के नेतृत्व में कई युवा अनुठे अंदाज में सिंधिया की सभा में शामिल होंगे। युवा सिंधिया का मुखौटा पहनकर रैली के रूप में कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे और भाग लेंगे। इसके लिए बड़ी संख्या में मुखौटे बनवाए गए हैं। सभा को लेकर बीनू कुशवाह की मौजूदगी में युवाओं ने महानंदाननगर व आसपास के क्षेत्रों में सिंधिया का मुखोटा पहन रहवासियों को कार्यक्रम में आने का आमंत्रण दिया।
आज माधवनगर ब्लॉक की बैठक
सिंधिया की आक्रोश सभा को लेकर गुरुवार शाम 5 बजे माधवनगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक होगी। बैठक ब्लॉक अध्यक्ष अजीतसिंह ठाकुर व पोरवाल के नेतृत्व में होगी। इधर बुधवार को अभय मेहता की अध्यक्षता जीवाजीगंज ब्लॉक की बैठक हुई। पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ब्लॉक प्रभारी मेहरे, अध्यक्ष मुकेश भाटी, सपना सांखला आदि ने कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ बड़ी संख्या में शामिल होने की बात कही। आयोजन को लेकर गणगौर दरवाजा समीप आंजना समाज की धर्मशाला में समाज की बैठक हुई। विक्रमसिंह पटेल व जीवनसिंह पटेल के नेतृत्व में कार्यक्रम को सफल बनाने की शपथ दिलाई।
चरस के खरीदार लेकिन अनाज के नहीं
गुड्डू ने आरोप लगाया कि जिले व प्रदेश में चरस, गांजा, अफीम के खरीदार मिल रहे हैं लेकिन किसानों की मेहनत से पैदा होने वाले गेहूं, लहसून, चना आदि के खरीदार नहीं मिल रहे। यही कारण है कि अन्नदाता कर्ज से पीडि़त हैं।