उज्जैन

धनतेरस और दीपावली के लिए सजा बाजार, छाई खुशियां

पांच दिवसीय त्योहार को देखते हुए लोग खरीदी के लिए बाजार पहुंचने लगे हैं।
2 min read
• •
Updated: 16 Oct 2017, 12:19 PM IST
Feature image

उज्जैन. दीपावली का पर्व १७ अक्टूबर धनतेरस के साथ प्रारंभ हो रहा है। पांच दिवसीय त्योहार को देखते हुए लोग खरीदी के लिए बाजार पहुंचने लगे हैं। घर के सजावटी सामान के साथ अन्य जरूरत की सामग्री व आभूषण, कपड़े आदि की खरीदी बाजार में हो रही है। ग्राहकी को देखते हुए व्यापारी भी खुश नजर आ रहे हैं। शाम के समय बाजार में अधिक भीड़ रहती है।


धनतेरस से त्योहार प्रारंभ होने को लेकर लोगों ने खरीदी शुरू कर दी है। फिलहाल लोगों ने कपड़ा और सजावटी सामान की ओर रुख किया है। कपड़ा बाजार में ग्राहकी को देखते हुए व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से बाजार में मंदी का दौर था। त्योहारों के चलते बाजार में तेजी आई है। कुछ समय से माल भी नहीं आ पा रहा था। त्योहारों से ठीक पहले माल आया है और अब लोगों के पहुंचने से बाजार चलने लगा है। व्यापारियों के अनुसार दो दिनों में अब तक कपड़ा बाजार में करीब एक करोड़ रुपए का कारोबार होने की संभावना है। अगले दो दिनों में इतना ही कारोबार और होने की उम्मीद है। एेसे में यह त्योहार भी व्यापारियों के लिए अच्छा साबित हुआ है।

सजावटी सामान में खास पसंद

वहीं कुछ लोगों ने त्योहार पर घरों को सजाने के लिए भी बाजार की ओर रुख किया है। इसमें भी लोग खास पसंद की तलाश कर रहे हैं। इनमें पोस्टर से लेकर मूर्तियां, झालर, झूमर, आर्टीफिशियल फूल आदि सामान की खरीदी की जा रही है। लोगों की पसंद को देखते हुए शहर में कई छोटी-बड़ी दुकानों पर भी इस प्रकार की सामग्री देखी जा रही है। लोगों का रुझान खासकर लाइटिंग को लेकर है, जिससे की घर को विशेष प्रकार से रोशन किया जा सके।

लिविंग रूम को सजाएगी लाइट्स
दीपावली के लिए मॉर्केट में आउट डोर और रूम लाइटिंग की बड़ी रेंज आ गई है। इस बाजार में रूटीन पैटर्न की जगह छोटी-छोटी लाइटिंग लोगों को ज्यादा लुभा रही है। नए डिजाइन में मिलेगी लैम्प सर्दियों के सीजन में छोटे-छोटे लाइट्स के जरिए रूम की खूबसूरती बढ़ाने के साथ ही गर्माहट भी लाई जा सकती है। मार्केट में कमरे की छत पर लाइट्स, फ्लोर लैम्प या टेबल लैम्प के जरिए लाइट्स की व्यवस्था कर आप लिविंग रूम की शोभा बढ़ा सकते हैं। अट्रैक्टिव कैंडल्स से भी माहौल खुशनुमा बनाया जा सकता है। इस बार फ्लावर पैटर्न और नई डिजाइन की लाइट मौजूद है। बाजार में मिलने वाली लाइटिंग की कीमत ३०० से १ हजार रुपए तक है।

धनतेरस के लिए बर्तन बाजार तैयार
परंपरा अनुसार धनतेरस पर धातु खरीदने को लेकर बर्तन और सराफा बाजार तैयार है। बर्तन व्यापारियों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी धनतेरस पर ही बाजार के चलने की उम्मीद है। हालांकि कुछ लोगों ने अभी से ही खरीदी शुरू कर दी है। पुष्य नक्षत्र पर भी लोगों ने बर्तन की खरीदी की है। धनतेरस पर करीब एक करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद बर्तन व्यापारी कर रहे हैं। दूसरी ओर सराफा बाजार भी धनतेरस से उम्मीद लगा कर बैठा है। हालांकि व्यापारियों को जीएसटी का डर भी है। फिर भी परंपरा के अनुसार धातु खासकर सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की खरीदी से व्यापारियों को बाजार में ग्राहकी रहने की उम्मीद है। धनतेरस को लेकर व्यापारियों ने विशेष डिजाइन में सिक्के और मूर्तियां तैयार की है। एेसे में व्यापारियों को दो करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।

Published on: