उज्जैन

video : मचा हड़कंप : एक तस्वीर ने बदल दी महाकाल क्षेत्र की तस्वीर…अतिक्रमण की बड़ी कार्रवाई

पुलिस फोर्स के साथ प्रशासन व नगर निगम अमले ने अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवाया।

3 min read
Aug 22, 2018
hotels,police,administration,action,encroachment,Police force,Mahakal Temple,shops,

उज्जैन. पिछले दिनों महाकाल मंदिर के बाहर एक दुकान पर लगी तस्वीर हाथ के टल्ले से गिर गई थी, इस विवाद में जहां एक व्यक्ति की हत्या हो गई, वहीं अब उस एक तस्वीर ने महाकाल क्षेत्र की पूरी तस्वीर ही बदल दी है। महाकाल क्षेत्र की दुकानों पर कलेक्टर ने योजनाबद्ध तरीके से बुलडोजर चला दिया। अतिक्रमण की बड़ी कार्रवाई के तहत पक्की दुकानें ढहीं, 40 गुमटी-ठेले व दर्जनों अतिक्रमण हटाए गए हैं। इतना ही नहीं, यह मुहिम प्रभावी रूप में आगे भी चलेगी।

भारी पुलिस फोर्स रहा तैनात
भारी पुलिस फोर्स के साथ प्रशासन व नगर निगम अमले ने बुधवार को अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवाया। ठेले-गुमटी की क्या बिसात इस मुहिम में बड़ा गणेश मार्ग की पक्की दुकानें भी ढहा दी गई। इसके बाद प्रवचन हॉल, महाराजवाड़ा स्कूल के आमने-सामने व महाकाल मंदिर के सामने भी कोई अतिक्रमण बच नहीं पाया। रिमझिम पानी के बीच बुलडोजर से अतिक्रमण पर प्रहार जारी रहा। जहां विरोध हुआ वहां पुलिस ने सख्ती दिखाई और अतिक्रमणकर्ताओं को अलग किया। दोपहर १२ से शाम ५ बजे तक अमले ने कार्रवाई की। प्रशासन ने साफ भी किया की अभी तो शुरुआत है, कई बड़े अतिक्रमण मंदिर का आवागमन सुचारु बनाने हटाए जाएंगे।

दे दिया था अल्टीमेटम
भस्मारती गेट पर तस्वीर गिरने के विवाद में हुई हत्या के बाद जिला प्रशासन ने सोमवार शाम को ही अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दे दिया था। अधिकांश ने दुकानें तो खाली कर ली, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए। हत्याकांड के आरोपी अमित त्रिवेदी के निवास के पास चार बड़े शेड में चल रही ७ दुकानों को जेसीबी से नस्तेनाबूत कर दिया। फिर नागधारी गणेश मंदिर के पास पं. रश्मिकांत व्यास के निवास के बाहर बनी पक्की भक्ति भंडार दुकानों को जेसीबी से ढहाया। ये बगैर अनुमति बनी थीं। प्रवचन हॉल के बाहर भी डेढ़ दर्जन अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई दौरान दो घंटे तक महाकाल से हरसिद्धि का मार्ग बंद रहा।

कुछ यूं बदले हालात
- गैंग ने पहुंचते ही दुकानों पर बुलडोजर चालू करा दिया। कुछ लोग बोले बेरोजगार मत करो, किसी ने नहीं सुनी गई।
- प्रवचन हॉल के बाहर खाली गुमटियां व ठेले लेकर दौड़े लोग, तो सामने भोजनालय वालों ने भी समेटी दुकानें।
- पं. व्यास के मकान में बनी पक्की दुकानें भी चपेट में आई, ये सब खाली हो चुकी थीं।
- भस्मारती गेट के पास आरोपी त्रिवेदी द्वारा बनाए बड़े शेड तोड़े गए, इनमें कुछ सामान भी था।
- यहां कुछ महिलाओं ने विरोध किया तो महिला पुलिस कर्मियों ने उन्हें डपटा।
- सामने मंदिर प्रबंध समिति की दुकानों की आड़ में लगी गुमटियां तोड़ी गई।
- एक सांची पॉर्लर १० मिनट में खाली कराया। परिवार की महिला ने गुस्सा दिखाया, उसे हटाकर पॉर्लर तोड़ दिया।
- समिति अब इन दुकानों को लेकर निर्णय लेगी, हो सकता है इन्हें खाली कर हटाया जाए।
- महाराजवाड़ा स्कूल व यहां बने पब्लिक टॉयलेट के आसपास फूल-प्रसाद की दुकानें हटाई।

- पार्किंग स्टैंड के नाम रखी गुमटी व सामने एक पानी की गुमटी तोड़कर ट्रेक्टर में भर दी।
- महाकाल मंदिर के सामने खान-पान दुकान की गुमटी व नाली के अतिक्रमण हटाए।
- भारी पुलिस फोर्स व अमला होने से कोई खास विरोध नहीं हो सका।
- अतिक्रमण हटने से बड़ा गणेश मंदिर, प्रवचन हॉल व महाकाल थाने का मार्ग खुला-खुला नजर आया।
- कार्रवाई के खौफ में टेबल लगाकर फूल-प्रसाद बेचने वाले नदादर रहे।

कलेक्टर की प्लानिंग
अतिक्रमण हटाने की पूरी प्लानिंग कलेक्टर मनीष सिंह ने तय की। उनकी दृढ़ इच्छा शक्ति के बूते पुलिस फोर्स जुटा और फिर निगम अमला अतिक्रमण पर टूट पड़ा। हिदायत के बाद जो नहीं मानें उनका सामान व गुमटियां तोड़ी। एएसपी अभिजित रंजन, एडीएम जीएस डाबर, एसडीएम अनिल बनवारिया, अपर आयुक्त मनोज पाठक, उपायुक्त योगेंद्र पटेल, इइ अरूण जैन, एई चंद्रकांत शुक्ला, सहा. आयुक्त सुबोध जैन, गैंग प्रभारी मोनू थनवार सहित अन्य अमला शामिल रहा।

कार्रवाई पर एक नजर
05 घंटे चली कार्रवाई
03 जेसीबी
100 का पुलिस फोर्स
70 निगम अमला व रिमूवल गैंग
50 से अधिक अतिक्रमण हटाए
20 फीट तक चौड़ा हुआ मार्ग

ये भी पढ़ें

नाबालिक किशोरी ने गैंग रेप का किया प्रयास, पुलिस ने रात में ही धर दबोचा

Published on:
22 Aug 2018 08:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर