
उज्जैन. व्यक्ति की पहचान उसके काम से होती है। एक बेहतर काम के लिए व्यक्ति दिन-रात मेहनत कर शिक्षा ग्रहण करता है, ताकि वह अपना कॅरियर बना सके। कुछ एेसे ही नृत्य कलाकार शहर में हैं, जिन्होंने बेहतर शिक्षा के बावजूद अपने नृत्य के शौक को कॅरियर बनाया। पढ़ाई के साथ नृत्य की शिक्षा भी गृहण की, जिसके माध्यम से वह अब संस्कृति और परंपरा को सहेजने का काम भी कर रहे हैं। इन्होंने कड़ी मेहनत से खुद को तैयार किया है और अब अन्य कलाकारों को तैयार कर रहे हैं।
संघर्षों के साथ गांव-गांव दी शिक्षा
उज्जैन के युवा कुलदीप दुबे नृत्य के क्षेत्र में उभरते हुए कलाकार हैं। बचपन से नृत्य व संगीत विधा से जुड़े कुलदीप १५ साल से नृत्य कलाकार हरिहरेश्वर पोद्दार से नृत्य सीख रहे हैं। साथ ही पदमश्री प्रताप पंवार से नृत्य के गुर सीखेंगे। आर्थिक रूप से कमजोर होने के चलते कुलदीप को काफी संघर्ष करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने प्रदेश के ३५ स्कूलों में नृत्य प्रशिक्षण दिया। इस दौरान १५०० विद्यार्थियों ने शिविर में सहभागिता की। कुलदीप ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों में भी नृत्य के प्रशिक्षण शिविर लगाने के लिए पहुंचते हैं। कुलदीप ने विश्वविद्यालय व स्कूलों में भी विद्यार्थियों को नृत्य में तैयार किया है। वह देशभर के विभिन्न मंच पर अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। कुलदीप का कहना है कि उन्होंने अपने गुरु से नृत्य की बारीकियों को सीखा।
शिष्य भी बन गए नृत्य गुरु
उज्जैन की नृत्यांगना अंजना चौहान करीब २० वर्ष से नृत्य क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। स्कूल (कक्षा ८) के समय पर वाषिकोत्सव के मंच पर पहली बार प्रस्तुति दी। नृत्य की तरफ झुकाव हुआ तो घर के नजदीक नृत्य गुरु राजेन्द्र आर्य से प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया। श्रवण महोत्सव, विक्रम अलंकरण सहित शहर के अन्य कार्यक्रमों के साथ देशभर के अन्य कार्यक्रम में प्रस्तुति के साथ सम्मानित हो चुकी है। इसी के साथ उन्होंने गुरु परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सखीपुरा स्थित गुरु के संस्थान पर प्रशिक्षण देना शुरू किया। बाल भवन में समर कैंप में नए बच्चों को नृत्य का प्रशिक्षण देती है। अंजना से नृत्य विद्या को सीखने वाली कई छात्राएं आज विभिन्न स्कूलों ने नृत्य शिक्षक के रूप में सेवा दे रही हैं।