उज्जैन

आज फिर भारत बंद, स्कूलों की छुट्टी

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम और राफेल सौदे के विरोध में कांग्रेस देश व्यापी आंदोलन
2 min read
Sep 10, 2018
patrika
Congress,Ujjain,Again,today,rafel deal,bharat band,

उज्जैन. पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, महंगाई और राफेल सौदे के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को भारत सहित शहर बंद का आह्वान किया है। एेसे में आधे दिन पेट्रोल पंप बंद रहेंगे वहीं कई निजी स्कूलों ने भी एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। बंद के आह्वान के चलते शहर के प्रमुख बाजार, यात्री परिवहन सेवाएं भी प्रभावित होने की आशंका है।
बंद को सफल बनाने के लिए रविवार शाम कांग्रेसियों ने शहर अघ्यक्ष महेश सोनी की अगुआई में क्षीरसागर पार्टी कार्यालय से वाहन रैली निकाली। यह रैली कंठाल, निकास, नयापुरा, केडी गेट, गुदरी, तोपखाना, चामुंडा चौराहा होते हुए फ्रीगंज पहुंची। इस दौरान कांग्रेसियों ने व्यापारी व शहरवासियों से बंद में सहयोग करने और दुकान-प्रतिष्ठान बंद रखने का आह्वान किया। बंद सुबह ९ से दोपहर २ बजे बाद तक रखने का कहा गया है। इधर कांग्रेस पदाधिकारियों ने सीबीएसई स्कूल, मिशनरी स्कूल, पेट्रोल पंप एसोसिएशन एसोसिएशन आदि से व्यक्तिगत चर्चा कर बंद में सहयोग करने का कहा है। कांग्रेस प्रवक्ता विवेक गुप्ता के अनुसार सभी ने कांग्रेस के शांति पूर्ण बंद में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
पुलिस-प्रशासन ने की बैठक
शहर बंद से एक दिन पूर्व रविवार दोपहर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं के साथ कंट्रोल रूम पर बैठक की। कंाग्रेसियों ने स्कूल-कॉलेज, यात्री परिवहन सेवा, पेट्रोल पंप, दुकान, प्रतिष्ठान आदि को शांति पूर्ण तरीके से बंद करवाने की जानकारी दी। अधिकारियों ने भी हिदायत दी कि कार्यकर्ता अपने साथ लट्ठ या अन्य हथियार लेकर नहीं निकले। साथ ही जबर्दस्ती या बलपूर्वक बंद करवाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए। कांगेसियों ने शांतिपूर्ण तरीके बंद करवाने का आश्वासन दिया।
सुबह से सड़कों पर उतरेंगे कांग्रेसी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सुबह ६ बजे क्षीरसागर पार्टी कार्यालय पर जमा होने का कहा गया है। इसके बाद कांग्रेसी टोली बनाकर बाजारों में निकलेंगे और दुकान, यात्री वाहन आदि बंद करवाएंगे।
१२ बजे तक बंद रहेंगे पेट्रोल पंप
आसपास के जिलों में सुबह ९ से दोपहर १२ बजे तक पेट्रोल पंप बंद रखने का निर्णय लिया है। उज्जैन पेट्रोल-डीजल डीलर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रवि लोहिया ने बताया कि शहर में भी सुबह ९ से दोपहर १२ बजे तक पंप बंद रखे जाएंगे।

Published on:
10 Sept 2018 06:00 am