IRCTC के मुताबिक सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए ‘भारत दर्शन ट्रेन’ 24 अगस्त को रवाना होगी....
उज्जैन। कोरोना काल में घर बैठे बोर हो गए है तो आईआरसीटीसी आपके लिए सुनहरा मौका लेकर आया है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम इसी महीने 24 अगस्त से ‘भारत दर्शन ट्रेन’ शुरू करने जा रहा है। इस स्पेशल ट्रेन से आप 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सकेंगे। 24 अगस्त को खुलने वाली ट्रेन वापस 7 सितंबर को लौटेगी। यानी कुल 13 दिनों का यह धार्मिक टूर होगा। आईआरसीटीसी का यह बेहद किफायती टूर पैकेज है। आपको 1000 रुपये प्रतिदिन से भी सस्ता पड़ने वाला है।
यहां से शुरू होगी यात्रा
आईआरसीटीसी के मुताबिक, यात्रा गोरखपुर से शुरू होगी। यात्री देवरिया, वाराणसी, जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर और झांसी से भी अपनी यात्रा शुरू कर सकते हैं। वापसी में भी ट्रेन इन्हीं स्टेशनों पर रुकते हुए गोरखपुर लौटेगी। 24 अगस्त से शुरू होने वाली यह यात्रा 13 दिन की होगी और ट्रेन 7 सितंबर को लौटेगी।
कितने का है पैकेज
आईआरसीटीसी ने स्लीपर बोगियों वाली ‘भारत दर्शन ट्रेन’ से सात ज्योतिर्लिंगों का दर्शन करने जाने वालों के लिए पैकेज चार्ज प्रति यात्री 12,285 रुपये रखा है। पैकेज शुल्क में तीनों समय का शाकाहारी खाना, धर्मशाला में ठहरने और बसों से लोकल टूर की व्यवस्था भी शामिल है।
इन जगहों की कराई जाएगी सैर
यह स्पेशल ट्रेन उज्जैन जाएगी जहां श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर ज्योर्तिलिंग के दर्शन कराए जाएंगे. इसके बाद ट्रेन केवड़िया पहुंचेगी, जहां सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ की सैर कराई जाएगी.‘भारत दर्शन ट्रेन’ अहमदाबाद भी जाएगी. अहमदाबाद में साबरमती आश्रम के दर्शन के बाद इसे द्वारिका रवाना किया जाएगा। द्वारिकाधीश और सोमनाथ ज्योर्तिलिंग के दर्शन के बाद ट्रेन पुणे जाएगी। यहां घृणेश्वर फिर नासिक में त्रयम्बकेश्वर और औरंगाबाद में भीमाशंकर ज्योर्तिलिंग के दर्शन कराए जाएंगे।
कैसे करवा सकते हैं बुकिंग?
भारत दर्शन स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के लिए आप ऑनलाइन IRCTC की वेबसाइट पर बुक कर सकते हैं. भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) की साइट पर “भारत दर्शन स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन” सर्च करने पर आपको इस अफोर्डेबल टूर पैकेज की जानकारी दिखेगी. आप इसकी बुकिंग IRCTC टूरिस्ट फेसिलेशन सेंटर जोनल ऑफिस और रीजनल ऑफिस से भी कर सकते हैं। इस लिंक https://www.irctctourism.com/pacakage पर आपको पैकेज के बारे में और ज्यादा डिटेल मिल सकती है।