उज्जैन

जरा संभलकर निकलें यहां से…रात के अंधेरे में हो रही लूट, इंजी. युवक-युवती को घेरा

इंदौर रोड पर हाईराइज बिल्डिंग के समीप की घटना
2 min read
patrika
crime,engineering students,loot,robery,

उज्जैन. इंदौर रोड पर बदमाशों का आतंक बढ़ता जा रहा है। हरिफाटक से महाराजा होटल तक सुनसान क्षेत्र में अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश लूटपात की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गोल्डन पेट्रोल पंप के समीप लूट की वारदात हुई। बाइक सवार इंजीनियरिंग के छात्र-छात्रा को ६ बदमाशों ने घेर लिया। युवक पर चाकू से हमलाकर मोबाइल पर्स छीनकर भाग गए। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।

बदमाशों ने रोका और मारपीट करने लगे
प्रकाश टॉकीज निवासी शिवम शर्मा भोपाल में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। मंगलवार रात को वह क्षेत्र की ही इंजीनियरिंग की छात्रा के साथ इंदौर रोड पर आया हुआ था। इसी दौरान हाईराइज बाइक सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उसे रोका और मारपीट करने लगे। उनमें से एक बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। मोबाइल पर्स छीन लिया। घटना के बाद युवक नीलगंगा थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। युवक को माधव नगर अस्पताल पहुंचाया गया।

पेट्रोल पंप के कर्मचारी को चाकू से मारने वाले पकड़ाए
उज्जैन. कतार में लगकर पेट्रोल भराने की बात पर सोमवार को दो युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई थी। दोनों युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया है। पिपलीनाका निवासी आकाश (१८) पिता भेरूलाल कहार बीते १५ दिन से गोल्डन पेट्रोल पंप पर काम कर रहा है। सोमवार रात ९ बजे बाइक पर आए दो युवकों ने उसे चाकू से हमला कर दिया, ये युवक पेट्रोल डलवाने के लिए आए थे। इन्होंने कर्मचारी के सीने पर वार किया था। कर्मचारी की गंभीर हालत होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

रुपए छीनने का किया था प्रयास
आकाश ने बताया कि दोनों युवकों ने पहले गाली-गलौज करते हुए ५० रुपए का पेट्रोल डलवाया। खुल्ले पैसे देने के लिए जब मैंने जेब में रखी रुपयों की गड्डी निकाली तो उसे इन्होंने छीनने का प्रयास किया और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद चाकू निकालकर मेरे सीने पर वार कर दिया। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले दोनों भाग निकले। नीलगंगा थाने के एसआई एमएस वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान की गई थी। जयसिंहपुरा निवासी आकाश और अजय को चौकीदार मेहरबान ने पहचान लिया था, जिसके आधार पर इन्हें पकड़ा गया। दोनों युवकों पर हफ्तावसूली सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। बुधवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

नदी किनारे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
उज्जैन. रविवार को नरवर में जुलूस के दौरान हुए विवाद में शामिल युवक का शव मंगलवार को ८ किलोमीटर दूर नदी में मिला। मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। भूतेश्वर महादेव मंदिर के समीप देवल घाट में नदी किनारे शाम को छह बजे एक अज्ञात शव मिला। शव को पहले ग्रामीणों ने देखा। इसके बाद इसकी सूचना थाने में दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर शव की शिनाख्त की। शव नरवर के गढ़ी मोहल्ला निवासी महेन्द्र उर्फ धोनी पिता मदनलाल मेहरा उम्र ३० वर्ष का था। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय के पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। यह जानकारी थाना प्रभारी ब्रजेश श्रीवास्तव ने दी।

Published on:
04 Oct 2017 01:22 pm