
मुरैना. जिले में चोरों के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि डेढ़ माह में चोरों ने जिलेभर में दो दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस इन चोरियों में से एक का भी खुलासा नहीं कर सकी है। सबसे ज्यादा निशाने पर जौरा व कैलारस रहा है। जहां चोरों ने ताबड़तोड़ चोरियों को अंजाम दिया है। महज यहीं नहीं पुलिस इससे पूर्व भी हुई चोरियों में से किसी का भी खुलासा नहीं कर सकी है, जिसकी वजह से पुलिस की सक्रियता पर भी सवाालिया निशान लगा है। खासतौर पर मामलों का निकाल करने में अंचल के थाने फिसड्डी ही साबित हुए हैं। दूसरी तरफ जिला मुख्यालय से सटे थानों ने मामलों का तत्परता से खुलासा किया है।
अगस्त व सितंबर में अंचल में चोरों की सक्रियता बेहद ज्यादा रही है। जिन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर न्यायाधीशों तक के घरों को निशाना बनाया है। यही नहीं एक ही रात में आधा दर्जन चोरियों तक को बेखौफ होकर अंजाम दिया है, लेकिन पुलिस अभी तक एक भी चोरी का सुराग तक नहीं लगा पाई है। वहीं चोरी की लगातार वारदात होने की वजह से आमजन में भय की स्थिति निर्मित हो गई है। लोगों के लिए रतजगा की स्थिति निर्मित हो गई है। जौरा में जहां एक दर्जन चोरियों को अंजाम दिया गया है, वहीं कैलारस में भी चोरों ने घरों को निशाना बनाया है। इसी तरह पहाडग़ढ़ में भी एक दिन में आधा दर्जन चोरियों को अंजाम दिया गया था। चोरों की बेखौफी के पीछे पुलिस की निष्क्रियता ही है। जहां एक तरफ जिला मुख्यालय पर स्टेशन रोड थाना, सिविल लाइन व कोतवाली पुलिस ने चोरी की वारदातों को टे्रस किया है। दूसरी तरफ जौरा, कैलारस, पहाडग़ढ़, बागचीनी, सबलगढ़, अम्बाह में अभी तक घर व दुकानों में हुई चोरियों का खुलासा नहीं हुआ है।
जौरा में अभी तक यह हुईं वारदात
14 अगस्त को नायब तहसीलदार कल्पना कुशवाह के घर चोरी, कुछ दिन बाद दूसरी बार फिर हुई चोरी
22 अगस्त को नायब तहसीलदार महेश माहौर के घर से चोरी
25 अगस्त के लगभग न्यायाधीश जयप्रकाश चिराड के घर से पंखे खोले
23 सितंबर को कैलादेवी मेडिकल स्टोर, विशंभर किराना स्टोर, कैलादेवी मोबाइल, श्रीराम मेडिकल स्टोर पर चोरी
24 सितंबर को जेल रोड पर सूने घर के ताले चटकाए
27 सितंबर को औंकार लाल मित्तल की दुकान से चोरी व खेमचन्द्र की जूता दुकान के ताले तोड़े, रेलवे स्टेशन पर महेश हलवाई, बनवारीलाल की बारदाना की दुकान से चोरी
01 अक्टूबर को ईश्वरलाल त्यागी के घर से चोरी
02 अक्टूबर को डॉ. मनोज त्यागी के क्वार्टर में चोरी
इसके साथ ही पूर्व में हुई चोरियों का भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है, जिसमें थाने के सामने ही कश्मीर होटल, डॉ. सुरेश शर्मा के मेडिकल, सीमेंट की दुकान से चोरी सहित अन्य चोरियां शामिल हैं।
कैलारस में हुई चोरी की वारदातें
23 सितंबर को तहसील कार्यालय के पास श्रीराम धाकड़ की किराना दुकान से चोरी
12 सितंबर को शांति बिहार कॉलोनी में केशव शर्मा के घर से दो लाख की चोरी
3 सितंबर को एमएस रोड पर भुत्तू हलवाई की दुकान से चोरी
28 जुलाई को उचंाड़ गांव में २२ लाख रुपए की चोरी
23 जुलाई को बंगल मोहल्ला में दर्शनलाल गुप्ता, दिनेश गुप्ता, में हथियारबंद बदमाशों द्वारा चोरी
अगस्त में ही एमएस रोड पर छह दुकानों के ताले चटकाए, सिंहल टायर की दुकान से चोरी की बारदात को अंजाम दिया।
इसी तरह अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरियां
सबलगढ़ के मांगरौल में बूंदीलाल रावत के घर से 15 लाख से अधिक की चोरी
बागचीनी के छोटे का पुरा में शंभू सिंह के घर से 14 लाख रुपए की चोरी
अम्बाह में जग्गा चौराहे के पास एक घर से चोरी
पहाडग़ढ़ में सितंबर में छह घरों में एक ही रात में चोरी की वारदात अभी तक हो चुकी हैं।
Published on:
04 Oct 2017 12:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
