
अनिल मुकाती@उज्जैन. सीक कबाब! वैसे तो यह यह मुगलाई जायका है, लेकिन मालवा में ताजी सब्जियों के साथ यह बनाया जाता है। इसमें आलू, गोभी, मटर, गाजर, पनीर और बटर होता है, साथ ही कुछ मसाले इसे और लज्जतदार बनाते हैं।
शौकीनों को नए स्वाद का अनुभव
सीक पर लिपटा मसाला जब बटर के साथ तंदूर में उतरता है तो उससे उठता धुआं और खुशबू आनंद से भर देती है। १० मिनट में तैयार होना वाला यह स्टार्टर खाने के शौकीनों को स्वाद का नया अनुभव देता है। खास बात यह है कि इसमें तेल का बिल्कुल भी प्रयोग भी नहीं होता, तो यह सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। पत्रिका डॉट कॉम इस बार उज्जैन के एक ऐसे ही स्वाद से रूबरू करवा रहा है, जिसका नाम है वेज सीक कबाब।
ऐसे बनेगा वेज सीक कबाब
चिंतामण रोड स्थित होटल अथर्व के मोदक रेस्टोरेंट में वेज सीक कबाब का लाजवाब स्वाद चखने को मिलता है। होटल के एक्जीक्यूटिव शेफ कुंदनराम कोहली बताते हैं कि वेज सीक कबाब बनाने के लिए सबसे पहले फूल गोभी, मटर और आलू को उबालकर एकदम बारीक कर लें।
गाजर, धनिया और मिर्च
इसमें बारीक कटी गाजर, हरी मिर्च, धनिया और कद्दूकस किया पनीर भी डालें। इसके बाद इसमें लाल मिर्च पावडर, जीरा पावडर, चाट मसाला, गरम मसाला, धनिया पावडर, नमक और ब्रेड क्रम्स डालकर अच्छे से मिक्स करें। इसे थोड़ा नरम रखना है। इसके बाद हाथ पर पानी लगाकर इस मिश्रण को सीक पर लगाकर फैलाएं।
गरम तंदूर में रखें
अब इस सीक को गरम तंदूर में रखें। घर में तंदूर ना हो तो इसे गैस ओवन पर भी रख सकते हैं। अगर कोयले वाली सिगड़ी हो तो उस पर भी बना सकते है। करीब पांच मिनट तक इसे आंच पर रहने दे। इसके बाद इसे निकाले और पूरे सीक पर बटर की पॉलिश कर दें। इसके बाद दोबारा से इसे तंदूर में रख दें। पांच मिनट तक पकने दें। इसके बाद इसे तंदूर से निकालें। वेज सीक कबाब तैयार है। सीक से निकालकर मनचाहे आकार में काटें और हरी चटनी व कचूमर सलाद के साथ गरमागर्म खाएं और खिलाएं।