
Petrol Pump Loot :मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में इन दिनों बदमाशों के हौसले बुलंद हैं तो वहीं आम लोगों का जीना मुहाल होता जा रहा है। इसकी बानगी बीती रात एक पेट्रोल पंप पर देखने को मिली, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जिले के तराना थाना इलाके में स्थित नेशनल हाईवे 52 के बरंडवा जोड़ के पास जियो पेट्रोल पंप पर रात करीब 11.40 बजे लूट की बड़ी वारदात हुई है। हादसे क शिकार पंप कर्मचारियों के अनुसार, करीब 8 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर अचानक से हमला बोलते हुए पंप स्टाफ को बंधक बना लिया। यही नहीं, बदमाशों ने पंप संचालक के साथ पहले तो जमकर मारपीट की, फिर नकदी, सोने की चेन और अंगूठी लूटकर फरार हो गए।
मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित पेट्रोल पंप संचालक अखिलेश मंडलोई का कहना है कि वो रोजाना की तरह रात के समय पंप का निरीक्षण करने पहुंचे थे, तभी देखा कि स्टाफ गायब था। पास जाकर देखा तो बदमाशों ने सभी कर्मचारियों को हथियार की नोक पर बंधक बनाया हुआ था। जैसे ही उन्होंने छुड़ाने का प्रयास किया, बदमाशों ने उन्हें भी पकड़ लिया। इस दौरान उनके साथ जमकर मारपीट की गई और कमरे में बंद कर बाहर से ताला डाल दिया।
इसे बाद बदमाशों ने पंप से करीब 50 हजार नगद, सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान लूटकर पैदल ही फरार हो गए। जाते-जाते वे सीसीटीवी रिकॉर्डिंग डिवाइस भी अपने साथ ले गए, ताकि की उनकी पहचान न की जा सके। बाद में कर्मचारी ताला तोड़कर बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। मौके पर तराना थाना पुलिस, एसडीओपी भविष्य भास्कर और मक्सी थाना टीआई भीम सिंह पटेल पहुंचे और जांच शुरु की। घायल संचालक अखिलेश मंडलोई को इलाज के लिए शाजापुर ले जाया गया है।