
bhopal girl ashirwad hotel crime, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- chatgpt)
Ujjain Hotel Crime News: मध्यप्रदेश के उज्जैन में आशीर्वाद होटल में एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती भोपाल की रहने वाली है और पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। आरोपी युवक देवास का रहने वाला है और उसने इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती की थी और फिर मिलने के लिए बुलाकर होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया, पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार भोपाल में रहने वाली पीड़ित युवती एक ब्यूटी पार्लर में फ्रीलांसर के रूप में काम करती है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि करीब एक महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान देवास निवासी सुनील पिता जगदीश से हुई थी। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर लगातार बातचीत होने लगी। इसी दौरान सुनील ने उसे उज्जैन आकर दर्शन करने के लिए कहा। पीड़िता उसकी बातों में आ गई और 9 अगस्त को भोपाल से उज्जैन के लिए रवाना हो गई।
पीड़िता ने बताया कि सीहोर रेलवे स्टेशन पर सुनील उसे मिला और फिर अपने साथ उज्जैन लाया। उज्जैन में उसने दाऊदखेड़ी स्थित होटल आशीर्वाद में कमरा बुक किया। युवती का आरोप है कि होटल में सुनील ने उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया। 10 अगस्त को आरोपी उसे रैपिडो से शहर में घुमाने ले गया, लेकिन कुछ देर बाद मंदिर बंद होने की बात कहकर वापस होटल ले आया। युवती का आरोप है कि होटल में दोबारा उसके साथ आरोपी ने दुष्कर्म किया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुनील उसे अपने साथ उज्जैन रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा और वहां छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता जीआरपी थाने पहुंची, जहां से उसे नीलगंगा थाना भेजा गया। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने की धारा में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
Updated on:
13 Aug 2026 05:27 pm
Published on:
13 Aug 2026 05:27 pm
