MP News: रात में पुलिस कर्मियों को ठंड न लगे इसलिए पुलिस कंट्रोल रूम में व्यवस्था औपचारिक रूप से लागू कर दी गई।
MP News: एमपी के उज्जैन शहर में तेजी से बढ़ रही ठंड ने आम लोगों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था में जुटे पुलिसकर्मियों तक को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। कड़ाके की रात में लगातार गश्त, चेकिंग और पॉइंट ड्यूटी पर तैनात जवानों को राहत देने के लिए उज्जैन पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देश पर अब हर रात पुलिस कंट्रोल रूम पुलिसकर्मियों के लिए गर्म चाय और बिस्किट का केंद्र बन गया है। शुक्रवार रात से यह व्यवस्था औपचारिक रूप से लागू कर दी गई।
पिछले एक सप्ताह से उज्जैन में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। तापमान गिरने से स्कूलों के समय बदले गए हैं और रात के समय शहरभर में अलाव की जरूरत महसूस की जा रही है। ऐसे में खुले आसमान के नीचे घंटों खड़े रहकर ड्यूटी निभा रहे जवानों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ने लगा था। इसी पृष्ठभूमि में पुलिस विभाग ने ठंड से बचाव को प्राथमिकता देते हुए यह नई व्यवस्था शुरू की।
कंट्रोल रूम में उपलब्ध गर्म चाय के साथ-साथ शहर में एक थर्मल पैंट्री वैन भी तैनात की गई है। यह वैन रात के अलग-अलग समय पर विभिन्न चैकिंग पॉइंट और मुय मार्गों से होकर गुजरेगी और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को गर्म चाय उपलब्ध कराएगी। एसपी के अनुसार इससे जवानों को न केवल ऊर्जा मिलेगी, बल्कि लगातार पुलिस मूवमेंट से गश्त व्यवस्था और मजबूत होगी।
एसपी शर्मा का कहना है कि यह पहल केवल सुविधा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्रॉस पेट्रोलिंग और पॉइंट चेकिंग की मॉनिटरिंग अधिक प्रभावी हो सकेगी। विभाग के मुताबिक अत्यधिक सर्दी में किसी भी पुलिसकर्मी को स्वास्थ्य नुकसान न हो, इसके लिए यह व्यवस्था पूरी सर्दी भर जारी रहेगी।