
अनिल मुकाती/उज्जैन. बैंगन! हर मौसम में मिलने वाली यह सब्जी लगभग हर घर में बनाई जाती है। सामान्य तौर पर आलू, मटर, टमाटर के साथ इसकी सब्जी बनती है, जो घर में कई लोगों को पसंद नहीं आती। कई लोग विभिन्न कारणों से भी बैंगन नहीं खाते। इसके अलावा भरवा बैंगन और भर्ता भी बनाया जाता है। मसालों के साथ बना भरवां बैंगन काफी पसंद किया जाता है, लेकिन अगर यह भरवां बैंगन रस्सेदार बने तो स्वाद और बढ़ जाएगा। वैसे भी मालवा में तरीदार और मसालेदार खाना शौक से खाया जाता है। तो इस बैंगन का जायका आपको स्वाद का नया अनुभव देगा। वैसे भी बैंगन का स्वाद लाजवाब होता है, तभी इसके सिर पर ताज होता है। पत्रिका इस बार एक ऐसे ही स्वाद से रूबरू करवा रहा है।
ऐसे बनेगा रस्सेदार भरवां बैंगन
ऋषिनगर निवासी नेहा चव्हाण रस्सेदार भरवां बैंगन बनाना सिखा रही हैं। नेहा बताती हैं कि यह बनाना बहुत आसान है। इसके लिए आठ-दस छोटे बैंगन, तिल, भूने हुए मूंगफली दाने, नारियल, लाल मिर्च पावडर, धनिया पावडर, हल्दी पावडर, नमक, सौंफ, जीरा, गरम मसाला, हींग, अदरक, लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, धनिया, अमचूर और तेल की जरूरत होती है। अब सबसे पहले कढ़ाही में तिल, जीरा और सौंफ को हल्का भून लें। इसे अलग निकाल लें। इसके बाद कढ़ाही में ताजे नारियल को कद्दूकस कर हल्का सा भून लें। अब इन्हें मिक्सर में दरदरा पीस लें। इस मिश्रण को एक प्लेट में निकाल लें। अब इसमें स्वाद अनुसार सारे मसाले, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च और धनिया मिला लें। स्टफिंग के लिए मसाला तैयार है।
अब छोटे साइज के बैंगन को अच्छे से साफ कर लें। इसके बीच में चाकू से चार कट लगाएं और मसाला इसमें भरकर बैंगन को दबाएं। सारे बैंगन में यह मसाला भरें। अब एक कढ़ाही में तेल गर्म होने के लिए रखें। इसमें हींग और जीरे का तड़का लगाएं और बैंगन की स्टफिंग करने के बाद बचा हुआ मसाला इसमें डाल दें। इसे मध्यम आंच पर थोड़ा पकाएं। अब स्टफिंग किए हुए बैंगन इसमें डालें। इसके बाद इसमें पानी डालें। आपको जितना रस्सा खाना है, उतना ही पानी डालें। अब इसे ढंककर १० से १५ मिनट तक पकाएं। जब मसाला तेल छोडऩे लगे, तब समझें कि रस्सेदार भरवां बैंगन तैयार है। हरा धनिया से गार्निश करें और गरमागर्म खाएं। अब और जल्दी बनाना है तो इसे प्रेशर कुकर में भी बनाया जा सकता है।