
उज्जैन. मुख्यमंत्री कॅरियर काउंसलिंग का द्वितीय चरण शुक्रवार को आयोजित हुआ। जिले के उत्कृष्ट विद्यालय, आइटीआइ और उच्च शिक्षा विभाग के कॉलेजों में ७० प्रतिशत से कम अंक वाले विद्यार्थियों को काउंसलिंग दी गई। इस चरण में जिले के ८७२७ विद्यार्थी शामिल हुए। उज्जैन शहरी क्षेत्र में करीब ३ हजार विद्यार्थी और शेष विकासखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में बुलाए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री का संदेश व फोन पर चर्चा का कार्यक्रम सुबह ९.३० बजे से ११.३० बजे तक हुआ। उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से जारी ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के तहत स्नातक स्तर पर पंजीयन का शनिवार को आखिरी दिन है। इस कारण सभी केंद्रों पर भीड़ रही।
एडमिशन जानकारी तक सीमित काउसंलिंग
शहर में माधव कॉलेज व माधव साइंस कॉलेज में विभाग की तरफ से विद्यार्थियों को काउसंलिंग की व्यवस्था की गई, लेकिन यह सेंटर पूरी तरह से कॉलेज के हेल्प सेंटर के रूप में बदल गए हैं। इन सेंटर पर अधिकांश विद्यार्थी शहर के कॉलेजों के कोर्स व एडमिशन प्रक्रिया की जानकारी जुटाते हुए नजर आ रहे हैं। कॉमर्स व आट्र्स संकाय के विद्यार्थियों के पास स्नातक स्तर में ज्यादा विकल्प नहीं है। इन संकाय के विद्यार्थियों के पास ऑनर्स कोर्स की जानकारी शिक्षकों से लेते हुए नजर आ रहे हैं।
सेमेस्टर के लिए विवि की तरफ रुख
उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम में सेमेस्टर सिस्टम खत्म कर दिया है, लेकिन यह व्यवस्था विद्यार्थियों को अभी भी पसंद आ रही है। इसमें सबसे ज्यादा कॉमर्स संकाय के विद्यार्थी हैं। कॉमर्स से जुड़े अधिकांश विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीयन करवा चुके हैं, लेकिन वह विवि में बीबीए ऑनर्स, बीकॉम ऑनर्स में आवेदन कर रहे हैं। विवि में बीबीए की ६० और बीकॉम ऑनर्स की २०० से ज्यादा सीट है। यहां पर सेमेस्टर सिस्टम से पढ़ाई हो रही है। बीसीए में भी स्थिति यह है।
जानकारी देकर भेज रहे पंजीयन के लिए
कालिदास कॉलेज में भी छात्राओं की मदद के लिए हेल्प सेंटर बनाई गई। हेल्प सेंटर पर प्रोफेसर छात्राओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवा रहे हैं। साथ ही प्रवेश के लिए आवश्यक प्रक्रिया और दस्तावेज की जानकारी दे रहे हैं। इसके बाद ऑनलाइन सेंटर पर छात्राओं का पंजीयन करवाने की व्यवस्था है। कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन भी किया जा रहा है। एेसी ही स्थिति माधव कॉलेज व माधव साइंस की है।
साइंस कोर्स में सबसे ज्यादा ग्रुप
काउंसलिंग की व्यवस्था का सबसे ज्यादा उपयोग विज्ञान संकाय के विद्यार्थी कर रहे हैं। माधव साइंस कॉलेज में ही बीएससी में एक दर्जन से ज्यादा ग्रुप में कोर्स संचालित होता है। इन कोर्स की अलग -अलग मांग है। काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थी इन ग्रुप की जानकारी जुटा रहे हैं। इसमें कम्प्यूटर साइंस का कटऑफ, साइंस के सब्जेक्ट के ग्रुप के फायदे की जानकारी जुटाई जा रही है।