
amit shah : एमपी के एक सांसद अब लेखक भी बन गए हैं। उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया ने बीजेपी के शीर्ष व दिग्गज नेता, देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पर पुस्तक लिखी है। उन्होंने नए भारत के चाणक्य : अमित शाह - रणनीति, संकल्प और सत्ता शीर्षक से पुस्तक लिखी। सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट की। गुरुवार को नई दिल्ली में इस मुलाकात के दौरान उन्होंने स्वयं के द्वारा लिखित इस पुस्तक की प्रति भी गृह मंत्री को भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा भी हुई।
सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर सिंहस्थ पर्व, महाकाल मंदिर में सुविधाओं तथा उज्जैन संसदीय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा भी की।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट के दौरान सांसद अनिल फिरोजिया ने उनपर लिखी अपनी पुस्तक- नए भारत के चाणक्य : अमित शाह - रणनीति, संकल्प और सत्ता की पहली प्रति भेंट की। इस किताब में उन्होंने अमित शाह को कुशल रणनीतिकार बताते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की और महान कूटनीतिज्ञ चाणक्य से तुलना की।
सांसद अनिल फिरोजिया लिखित यह पुस्तक शाह के राजनीतिक जीवन, संगठनात्मक कौशल, दूरदर्शी नेतृत्व, रणनीतिक नजरिए, निर्णय क्षमता और राष्ट्रहित के प्रति उनके संकल्प को केंद्र में रखकर रची गई है। केंद्रीय गृहमंत्री ने इस साहित्यिक प्रयास के लिए सांसद फिरोजिया की सराहना करते हुए आत्मीयता के साथ पुस्तक को स्वीकार किया। फिरोजिया को स्नेह मार्गदर्शन भी प्रदान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार के संयुक्त सहयोग से उज्जैन को विश्वस्तरीय धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की इस किताब के लिए देशभर से विश्वनीय स्रोतों से प्रामाणिक जानकारी जुटाई। करीब 8 महीने में पूरी पुस्तक लिखी जा सकी। देश के सुप्रसिद्ध 'प्रभात प्रकाशन' ने यह पुस्तक प्रकाशित की है। सांसद अनिल फिरोजिया के अनुसार अमित शाह के पूरे राजनीतिक जीवन, उनके बेजोड़ संगठनात्मक कौशल, दूरदर्शी नेतृत्व और अचूक राजनीतिक रणनीति के साथ उनकी त्वरित निर्णय क्षमता को यह पुस्तक तथ्यों के साथ उजागर करती है। किताब में राष्ट्रहित के प्रति उनके दृढ़ संकल्पों को भी दर्शाया गया है।