
Simhastha 2028 Road Widening: सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर उज्जैन नगर निगम शहर में दो दर्जन से अधिक मार्गों का चौड़ीकरण कर रहा है। इनके साथ ही अब जल्द पांच और नए मार्गो पर चौड़ीकरण कार्य शुरू होने वाला है। इनमें से कुछ को लेकर घरों पर निशान लगाए जा चुके है वहीं कुछ के लिए रहवासियों को नोटिस जारी कर दिए गए है।
शहर में एक के बाद एक प्रमुख सडकों का चौड़ीकरण जारी है। सिंहस्थ तक करीब 40 मार्गों को चौड़ा करने की योजना है। इनमें से पांच मार्गों के चौड़ीकरण का जल्द श्रीगणेश होने वाला है। हाल ही में नगर निगम ने इनमें से एक गुदरी से हरसिद्धि की पाल तक मार्ग बराहीकरण के लिए सेंट्रल लाइनिंग व घरों व निशान लगाए गए थे। इसके अलावा कुछ मार्गों पर प्रभावित क्षेत्रवासियों को नोटिस जारी किए जा रहे है। आवश्यक औपचारिकता पूरी होने के बाद जल्द ही इन मार्गों पर चौड़ीकरण शुरू हो जाएगा।
गुदरी से हरसिद्धि की पाल- करीब 570 मीटर लंबे इस मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। कार्य की लागत 14.43 करोड़ रुपए है। यहां लगभग 136 भवन प्रभावित होंगे। चौड़ीकरण के लिए कुछ दिन पूर्व भवनों पर निशान लगाने की कार्रवाई शुरू की गई थी।
दो तालाब से शांतिनगर तक- करीब 650 मीटर लंबा यह मार्ग वर्तमान में 6 से 10 मीटर चौड़ा है। इसे 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है। इस कार्य में 13.15 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अभी करीब 120 प्रभावितों को नोटिस दिए है। कुछ जगह नाली निर्माण शुरू कर दिया है।
नीलकंठ द्वार से महाकाल चौराहा तक- करीब 400 मीटर लंबे इस मार्ग को 24 मीटर चौड़ा करने की योजना है। कार्य की लागत 27.76 करोड़ रुपए है। मार्ग पर नपती व सेंट्रल लाइनिंग का कार्य पहले ही पूरा हो चुका यहां 120 से अधिक भवन प्रभावित होंगे।
चौबीस खंबा से छोटा रूद्र सागरः करीब 650 मीटर लंबा मार्ग वर्तमान में 9 से 12 मीटर चौड़ा है। इसे 18 मीटर चौड़ा किया जाना है। चौड़ीकरण कार्य में करीब 9.55 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कार्रवाई नोटिस प्रक्रिया तक पहुंच चुकी है।
खजूरवाली मस्जिद से गणेशचौक- करीब 730 मीटर लंबा यह मार्ग वर्तमान में कहीं 7 तो कहीं 10 मीटर तक चौड़ा है। इसे 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है। कार्य की लागत करीब 9.80 करोड़ रुपए है। आसपास के मार्गों का चौड़ीकरण कार्य चलने से इस मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।