
उज्जैन. विक्रम विश्वविद्यालय के लाइब्रेरी साइंस विभाग के प्रोफसर अनिल कुमार जैन ने दिवंगत शोधार्थी कीर्तिबाला जैन से फेसबुक के माध्यम से माफी मांगी है। पोस्ट के अनुसार पीएचडी पाठ्यक्रम के दौरान कीर्तिबाला को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। उन्होंने गंभीर बीमारी के बावजूद संघर्ष कर पीएचडी पाठ्यक्रम पूरा किया, लेकिन वह दीक्षांत के मंच से डिग्री लेने से पहले दुनिया छोड़ गई। कीर्तबाला के जीवन का संघर्ष तो खत्म हो गया, लेकिन विश्वविद्यालय से जुड़ी उनकी समस्या खत्म नहीं हुई। इस समस्या से अब उनका परिवार जूझ रहा है। दरअसल, कीर्तिबाला का एआरएफ (सीनियर रिसर्च स्कॉलरशिप) का लाखों रुपए विवि पर बकाया है। यह भुगतान करवाने के लिए अनिल जैन ने काफी प्रयास किए, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते एेसा नहीं हो सका। शोधार्थियों की एेसी तमाम समस्याओं को लेकर अनिल जैन ने उनसे क्षमा मांगी है। साथ ही शोधार्थियों को न्याय दिलाने में सक्षम लोगों से आगे आने की अपील की है।
विक्रम विवि में व्याप्त प्रशासनिक अव्यवस्थाओं से विद्यार्थियों व शोधार्थियों को हर दिन जूझना पड़ रहा है। विद्यार्थी अपनी समस्या लेकर विवि पहुंचते हैं और भटक-भटक कर वापस लौट जाते हैं। हंगामे और विवाद की घटना भी हर दिन सामने आती है, लेकिन अब एेसी घटनाओं को लेकर शिक्षकों के सब्र का बांध भी टूटने लगा है। विक्रम विवि के लाइब्रेरी साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार जैन ने सोशल मीडिया के जरिए विश्वविद्यालय प्रशासन पर हमला किया है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ हो रहे अन्याय, षड्यंत्र व प्रशासनिक अधिकारियों की मौन स्वीकृति को लोगों के सामने रखा है।
तुम्हारे जाने के बाद भी विवि में कुछ नहीं बदला
अनिल जैन ने अपनी पोस्ट में कीर्तिबाला को लिखा है कि तुमने टूटी कुर्सी और चार बाय पांच के कमरे में बिना पंखे के शोध कार्य किया। तुम्हारी बस एक खता थी कि जिन लोगों के आगे विवि प्रशासन खामोश है। उनकी बात को न मानते हुए तुमने प्रो. एस कुमार के निर्देशन में काम किया। तुम्हे पता था कि ज्ञानन कहां से मिलेगा। उन्होंने लिखा कि एेसा नहीं है कि तुम्हारे जाने के बाद कुछ बदल गया है। संजीव और राधा को पीएचडी से बाहर करने का षड्यंत्र हुआ। सुरेंद्र कुमार ने परेशान होकर राज बोरिया के निदेशन में काम शुरू किया। राजीव, सुखलाल, दशरथ ने परेशान होकर पीएचडी छोड़ दी है।
यह है मामला
कीर्तिबाला के पीएचडी शोध कार्य के दौरान एसआरएफ की राशि का भुगतान किया जाना है। यह राशि का सत्यापन विभागाध्यक्ष के द्वारा किया जाता है, लेकिन गुटबाजी और विवादों के चलते एेसा नहीं हो सका। पीएचडी पाठयक्रम पूरा हो गया। इसी बीच कीर्तिबाला की मृत्यु हो गई। अब उनका परिवार पैसे के लिए चक्कर लगा रहा है। कीर्तिबाला के पिता लकवाग्रस्त हैं।