उज्जैन

उज्जैन में चोरी करने आए बदमाश ने महिला से की ज्यादती

Woman Assault Case: पीड़िता के मुताबिक पहले पानी मांगा फिर पति को साथ ले गए और इसके बाद एक बदमाश लौटकर आया और डरा धमकाकर उसके साथ ज्यादती की।

2 min read
Jun 20, 2026
ujjain
woman assault allegation during theft attempt in badnagar,प्रतीकात्मक तस्वीर (source- patrika file)

Ujjain Woman Assault Case: मध्यप्रदेश के उज्जैन के बड़नगर क्षेत्र के आमला गांव में खेत की चौकीदारी कर रहे आदिवासी परिवार के साथ हुई वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पीड़ित महिला की शिकायत के अनुसार 18-19 जून की दरमियानी रात तीन अज्ञात बदमाश खेत में तार चोरी की नीयत से पहुंचे। उन्होंने पहले परिवार से पानी पिया और फिर माचिस मांगी। माचिस नहीं मिलने पर महिला के पति को जबरन खेत की ओर ले गए। झोपड़ी में महिला अपने मासूम बच्चे के साथ अकेली रह गई। महिला का आरोप है, इसी दौरान एक बदमाश वापस लौटा और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में उसके बयान भी दर्ज कराए हैं।

बदमाश ने की ज्यादती

पुलिस के अनुसार घटना आमला गांव के एक खेत की है, जहां पति-पत्नी अपने बच्चे के साथ चौकीदारी करते हैं। महिला ने बताया कि रात करीब 12 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति झोपड़ी पर पहुंचे। पानी पीने के बाद उन्होंने माचिस मांगी और फिर उसके पति को खेत की ओर ले जाकर मारपीट की। काफी देर तक पति के वापस नहीं लौटने पर महिला झोपड़ी में अकेली थी। इसी बीच एक आरोपी लौट आया और धमकाकर वारदात को अंजाम दिया।

धमकी देकर चुप रहने का बनाया दबाव

पीड़िता के अनुसार आरोपी ने दुष्कर्म के बाद जान से मारने की धमकी दी और किसी को घटना बताने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। दहशत के कारण उसने तुरंत किसी को कुछ नहीं बताया। बाद में पति के लौटने पर पूरी घटना बताई। इसके बाद परिचितों और खेत मालिक के समझाने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस का कहना है कि मेडिकल परीक्षण और न्यायिक बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दुष्कर्म के साथ तार चोरी की भी जांच

प्राथमिक जांच में खेत से बिजली के खंभों के तार चोरी होने की पुष्टि भी हुई है। पुलिस के मुताबिक पांच खंभों से तार निकाले जाने के संकेत मिले हैं, जबकि वहां रखा तार का बंडल सुरक्षित मिला। घटनास्थल से चोरी से जुड़े कुछ अहम साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस दुष्कर्म और तार चोरी, दोनों पहलुओं को जोड़कर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर आसपास के क्षेत्रों में भी पड़ताल तेज कर दी गई है।

महिला ने एक व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म की शिकायत की

बड़नगर टीआई कमलेश सिंगार का कहना है कि महिला के मेडिकल परीक्षण के साथ न्यायिक बयान दर्ज कराए हैं, जिसमें महिला ने एक व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात कही है। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
20 Jun 2026 08:11 pm