उन्नाव

अखिलेश यादव के खिलाफ खुलकर सामने आए आदित्य यादव, कर दिया धमाकेदार ऐलान

आदित्य यादव ने अखिलेश यादव को उनके ही गढ़ कन्नौज में हराने का दावा भी ठोंका...
2 min read
Oct 11, 2018
Samajwadi Secular Morcha Aditya Yadav targets Akhilesh Yadav
अखिलेश यादव के खिलाफ खुलकर सामने आए आदित्य यादव, कर दिया धमाकेदार ऐलान

उन्नाव. समाजवादी सेक्युलर मोर्चा की जड़ों को मजबूत करने में जुटे शिवपाल सिंह यादव इन दिनों जमकर पसीना बहा रहे हैं। प्रदेशभर में दौरा कर शिवपाल उन तमाम नेताओं को अपने साथ जोड़ रहे हैं जो अपने दलों में हाशिये पर चले गए हैं। शिवपाल के साथ ही उनके बेटे और समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव भी अब खुलकर मैदान में आ गए हैं। आदित्य यादव भी अपने पिता शिवपाल सिंह की तरह ही सीधा सपा पर निशाना साध रहे हैं।

आदित्य यादव ने सपा को जमकर कोसा

समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव ने यूपी के उन्नाव जिले में अपने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और सपा को जमकर कोसा। आदित्य यादव ने कार्यकर्ताओं से 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी सेक्युलर मोर्चा की शानदार जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा हमारे साथ है। आदित्य यादव ने मोर्चा के तमाम पदाधिकारियों से अपील की कि वह जनता के बीच जाएं और पार्टी को मजबूत करें। दरअसल समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के जिलाध्यक्ष और बार अध्यक्ष सतीश शुक्ला ने मोर्चा के कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए समारोह किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव आए। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।

एसी कमरों में बैठकर बनती हैं रणनीतियां

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां एसी कमरों में बैठकर रणनीति बनती हैं, जबकि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा लोगों के बीच बैठकर अपनी नीति बनाएगा। उन्होंने कहा कि सपा में समाजवाद दम तोड़ रहा है। आदित्य यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ ही कानून व्यवस्था में भी पूपी तरह से फेल है।

अखिलेश यादव को हराने का दावा

वहीं इससे पहले आदित्य यादव ने अखिलेश यादव को उनके ही गढ़ में हराने का दावा भी ठोंका। उन्होंने कहा कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा अखिलेश यादव के खिलाफ कन्नौज में मजबूत प्रत्याशी उतारेगा और जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश की सभी सीटो पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को हराकर मोर्चे को कन्नौज में जीत का परचम लहराना है। बहुत जल्द मौर्चे की तरफ से कन्नौज के प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।

Updated on:
11 Oct 2018 10:48 am
Published on:
11 Oct 2018 10:48 am