
Unnao Stray Animals: उन्नाव में आवारा पशुओं की चहलकदमी से किसान परेशान है। रात दिन रखवाली करने के बाद भी अपनी फसल नहीं बचा पा रहे हैं। मौका लगते ही आवारा पशु खड़ी फसल और सब्जी को बर्बाद कर देते हैं। इस संबंध में किसानों का कहना है कि पलक झपकते ही आवारा पशु उनकी मेहनत की कमाई को पैरों तले रौंद देते हैं। एक दो नहीं बड़ी संख्या में आवारा पशु एक साथ खेत में घुस जाते हैं और खड़ी फसल सब्जी को तहस-नहस कर देते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से आवारा पशुओं को गांव से हटाने की मांग की है। जिससे उनकी फसल बच सके। मामला सिकंदरपुर सरोसी विकासखंड का है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के सिकंदरपुर सरोसी विकासखंड के सदमपुर गांव में करीब 50 आवारा पशु खेत में पहुंच गए और बंधा गोभी की तैयार फसल को पैरों तरे रौंद दिया। आवारा पशुओं की जानकारी मिलते ही किसान खेत पर पहुंचे। किसानों ने बंधा गोभी की फसल को देखा तो आंसू निकल आए। उनकी बंदा गोभी की तैयार फसल बर्बाद हो गई थी। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आवारा पशुओं को खेत से बाहर निकाला।
इस संबंध में सदमपुर गांव निवासी रामसनेही ने बताया कि काफी मेहनत के बाद उन्होंने अपनी फसल को तैयार किया था। जिसकी रखवाली भी करते हैं। बंधा गोभी को काटने की तैयारी चल रही थी। जिसे बाजार में बेचना था। लेकिन आवारा पशुओं ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। बड़ी संख्या में आवारा पशुओं ने खेत पर धावा बोल दिया। जिससे बंधा गोभी की फसल बर्बाद हो गई और उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
रामसनेही ने बताया कि पता नहीं कहां से बड़ी संख्या में आवारा पशु खेत में आ गए हैं। जिला प्रशासन उन्हें आवारा पशुओं से छुटकारा दिलाए और इन्हें पकड़ कर ले जाया जाए। उन्होंने बताया कि अपनी फसल को सुरक्षित रखना के लिए दिन रात एक कर दिया लेकिन खेत से थोड़ी देर के लिए हट जाए तो आवारा जानवर फसल को बर्बाद कर देते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे।