
Pradeep Mishra Shiva Mahapuran: उन्नाव में प्रसिद्ध कथावाचक प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण महा कथा होने जा रही है। इसको लेकर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। रोजाना अधिकारियों की चहल कदमी देखने को मिल रही है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां की व्यवस्थाओं को देखा और दिशा निर्देश दिए। कहा गया कि किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। शिव पुराण महा कथा में मुख्यमंत्री सहित अन्य वीवीआईपी के आने की भी संभावना है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के बीघापुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम सभा गौरी में 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक प्रदीप मिश्रा की शिव पुराण महा कथा होगी। जिसकी तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आज जिलाधिकारी घनश्याम मीना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह हिंदी कथा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थल की व्यवस्थाओं को देखा।
जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष अरुण सिंह ने शिवदीप श्री शिवमहापुराण कथा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को आमंत्रण पत्र भेंट किया है। इसके साथ ही कई अन्य विशिष्ट नेताओं को भी आमंत्रण पत्र दिया गया है। रायबरेली में आयोजित प्रदीप मिश्रा के शिव महापुराण कथा में भी मुख्यमंत्री सहित कई वीवीआईपी पहुंचे थे। जिसको देखते हुए जिला प्रशासन कोई भी कमी नहीं रखना चाहता है। लगातार कथा स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा जा रहा है।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान कथा स्थल, मंच, पंडाल, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग स्थल, यातायात मार्ग और आपातकालीन निकास व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तार से समीक्षा की।
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने आयोजकों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कथा स्थल के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान तैयार किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पार्किंग व्यवस्था को स्थल से कुछ दूरी पर व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए अलग मार्ग चिह्नित करने के निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर एसपी उत्तरी, एएसपी दक्षिणी सहित अन्य अधिकारी घर मौजूद थे। आयोजन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। अधिकारियों ने कहा कि इस धार्मिक आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।