सैयदराजा पुलिस ने एक गौ-तस्करी के संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बताया जा रहा है कि पूर्वांचल के इतिहास में पहली बार एक महिला गौ-तस्कर गिरफ्तार हुई है, जो इस गंदे खेल में शामिल थी...
चंदौली: जिले की सैयदराजा पुलिस ने एक गौ-तस्करी के संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बताया जा रहा है कि पूर्वांचल के इतिहास में पहली बार एक महिला गौ-तस्कर गिरफ्तार हुई है, जो इस गंदे खेल में शामिल थी। महिला की गिरफ्तारी के बाद उसके काला कारनामा चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक सैयदराजा पुलिस नेशनल हाईवे 2 पर काले शाह मजार के पास जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान उन्होंने एक पिकअप को आते देखा, जिसमें एक गाय लदी हुई थी। इस पिकअप को अशरफी चल रहा था और उसके बगल में मिर्जापुर के कछुवां थाना क्षेत्र के जमवारी गांव की सलमा बैठी हुई थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह मवेशी को अपने बिहार स्थिति मायके लेकर जा रही है।
हालांकि, पुलिस को इस मामले में संदेह हुआ और कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी महिला ने सारे राज उगल दिए। महिला ने बताया कि वाराणसी के रहने वाले अनिल सोनकर और कछुवां के रहने वाले विकास तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल हैं। मवेशियों को वाराणसी के कलेक्ट्री फार्म से पिकअप में चढ़ाया जाता था और उसे बिहार का बॉर्डर पर कर छाता गांव में भिजवाया जाता था।
महिला ने बताया कि वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्र से मवेशियों की खरीद फरोक्त की जाती थी। इस दौरान पिकअप में एक बार में केवल एक ही मवेशी को चढ़ाया जाता था, ताकि किसी को शक ना हो। आरोपी महिला ने बताया कि एक बार मवेशी को बिहार बॉर्डर पार करने पर उसे व पिकअप चालक को एक हजार रुपए मिलते थे, जबकि पिकअप मलिक को 5 हजार रुपए दिए जाते थे।
सैयदराजा पुलिस ने बताया कि पिकअप में महिला को इसलिए बैठाया जाता था, ताकि किसी को उन पर शक ना हो। गाड़ी रोके जाने के दौरान महिला मवेशी से संबंधित फर्जी कागजात भी दिखाई थी और बताती थी कि वह मवेशी को लेकर मायके जा रही है। तस्करी के इस अनोखे खेल को देखकर चंदौली पुलिस का दिमाग भी चकरा गया है।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में आरोपी महिला और पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पिकअप को भी सीज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पिकअप मालिक और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। जल्दी सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।