यूपी न्यूज

गेम खेलने से रोका तो उठाया खौफनाक कदम….हथेली पर लिखकर युवक ने की आत्महत्या

Mar 24, 2026
Feature image

मऊ के दोहरीघाट कस्बे में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गेम की लत के कारण एक युवक ने अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि मां के गेम खेलने से मना करने पर 22 वर्षीय जितेंद्र साहनी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

12वीं की परीक्षा देकर घर पर ही था युवक

परिजनों के मुताबिक, जितेंद्र हाल ही में 12वीं की परीक्षा देकर घर पर ही था। वह दिनभर मोबाइल पर गेम खेलता रहता था, जिसे लेकर घर में अक्सर उसे समझाया जाता था। सोमवार दोपहर भी मां ने उसे गेम खेलने से मना किया, जिसके बाद वह कुछ देर के लिए बाहर चला गया। शाम को घर लौटकर वह सीधे अपने कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया।

फंदे पर लटका था जितेंद्र

काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया, तो मां और बहन को चिंता हुई। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। रोशनदान से झांककर देखा तो जितेंद्र फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देख परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। जांच के दौरान युवक की हथेली पर लिखे शब्द देखकर सभी हैरान रह गए। उसने लिखा था कि “मां गेम खेलने से मना कर रही है, इसलिए मरने की कोशिश कर रहा हूं।”

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि परिवार की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह घटना एक बार फिर मोबाइल गेम की लत के खतरनाक असर को सामने लाती है, जिसने एक परिवार से उनका बेटा छीन लिया।

Updated on:
24 Mar 2026 11:19 pm
Published on:
24 Mar 2026 11:19 pm