
कार्यकर्ताओं को रोकती पुलिस, (Pc-Arvind Kumar Giri X)
MLC Election UP: वाराणसी खंड स्नातक में निर्वाचन की मतगणना के दौरान बुधवार को पहाड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल के पश्चिमी गेट पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ता पुलिस को हटाकर मतगणना स्थल के अंदर जाने की मांग कर रहे थे। इसके बाद बीजेपी कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए हैं और पर्वेक्षक प्रांजल यादव को हटाने की मांग पर अड़े हैं। वहीं, मतगणना स्थल के दोनों गेटों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, मतगणना के दौरान 4 चरण की काउंटिंग की जा चुकी है। इन सभी चरणों में सपा के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा बढ़त बनाए हुए हैं। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मतगणना में धांधलीय की जा रही है और उनके प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को जानबूझकर हारने की कोशिश की जा रही है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि प्रांजल यादव समाजवादी पार्टी के करीबी है और यही वजह है कि समाजवादी पार्टी के कैंडिडेट को जीतने की कोशिश कर रहे हैं। तमाम आरोप लगाने के बाद बीजेपी के कार्यकर्ता मतगणना स्थल के पश्चिमी गेट पर धरने पर बैठे हुए हैं और चुनाव आयोग व पर्यवेक्षक प्रांजल यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।
घटना के बाद मतगणना स्थल के पश्चिमी गेट सहित आगे और पीछे के प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। पुलिसकर्मी मतगणना स्थल पर प्रवेश करने वालों की जांच कर रहे हैं और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
दूसरी ओर, वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन सीट की मतगणना में सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने बीजेपी प्रत्याशी केदार सिंह पर बड़ी बढ़त बना रखी है। प्रथम वरीयता के मतों की चौथे चक्र तक की गिनती पूरी होने के बाद आशुतोष सिन्हा को 22,599 मत मिले हैं, जबकि केदार सिंह के खाते में 15,404 मत आए हैं। इस तरह आशुतोष सिन्हा 7,195 मतों से आगे चल रहे हैं।
मतगणना के दौरान दोनों प्रमुख दलों के समर्थकों की नजर परिणामों पर टिकी हुई है। बढ़त को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज है। मतगणना स्थल पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल सतर्क है। फिलहाल पश्चिमी गेट पर हुई नोकझोंक के बाद स्थिति सामान्य बनी हुई है और मतगणना की प्रक्रिया जारी है। गौरतलब है कि वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव निर्वाचित हो चुके हैं और अब स्नातक सीट पर मतगणना की प्रक्रिया जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि देर रात तक स्नातक सीट पर भी परिणाम घोषित हो सकते हैं।
Updated on:
28 Oct 2026, 5:44 PM IST
Published on:
28 Oct 2026, 4:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.