यूपी न्यूज

पुलिस से भिड़े पशु तस्कर, मुठभेड़ में दो को गोली मार दबोचा… तीसरा जंगल में फरार

शीशगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

less than 1 minute read
Apr 18, 2026
Feature image

बरेली। शीशगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

तीन अप्रैल को ग्राम बरगवां निवासी ओमकार ने किच्छा नदी किनारे संरक्षित पशु के अवशेष मिलने की सूचना दी थी। इस मामले में शीशगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार पशु तस्करों की तलाश में जुटी थी। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और कई टीमों को लगाया गया था।

पनवड़िया पुल पर घेराबंदी, बदमाशों ने झोंकी गोलियां

शनिवार सुबह करीब पांच बजे इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ पनवड़िया पुल के पास गश्त कर रहे थे। तभी तीन संदिग्धों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गोली मारकर दबोच लिया। मुठभेड़ में अब्दुल रहमान (35) निवासी धौराटांडा, भोजीपुरा के बाएं पैर में और दानिश कुरैशी (26) निवासी धौराटांडा, भोजीपुरा के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में सीएचसी बहेड़ी भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

तमंचा, कारतूस और पशु वध के औजार बरामद

पुलिस के मुताबिक अब्दुल रहमान से एक तमंचा, दो खोखा, एक जिंदा कारतूस और 1260 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं दानिश के पास से एक तमंचा, कारतूस, 1550 रुपये नकद और पशु वध के उपकरण मिले हैं। मुठभेड़ के दौरान तीसरा आरोपी आरिफ निवासी किच्छा घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।