संतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में एक युवक घायल भी हुआ है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है...
मिर्जापुर: संतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह हादसा लालगंज-कलवारी संपर्क मार्ग पर शुक्रवार की देर रात हुआ।
जानकारी के मुताबिक, मड़िहान थाना क्षेत्र के बहरपेड़ा के रहने वाले रामआश्रय कोल (23) अपने बहनोई मनोज कोल (34) के साथ पटेहरा कला में एक कार्यक्रम में रिश्तेदारी में गए हुए थे। देर रात दोनों बाइक से लौट रहे थे, तभी रास्ते में मालवा गांव के पास बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे लगे एक बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी होने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनोज कोल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामआश्रय की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि रामआश्रय की स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उसे निगरानी में रखे हुए हैं।
घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस ने मामले की सूचना मृतक के परिजन को दी, जिसके बाद परिवार में कोहरा मच गया। बताया जा रहा है कि मनोज अपने परिवार में एकलौते ऐसे सदस्य थे, जो कमाते थे। ऐसे में परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थाना अध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने बताया कि मृतक युवक और घायल युवक दोनों ही मड़िहान थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। इस हादसे में बहनोई की मौत हो गई है, जबकि उनका साला गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में दुर्घटना ही मौत की वजह बनी है, फिर भी मामले में गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।