
UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश में MLC की 11 सीटों के लिए मतगणना जारी है। इस दौरान आगरा में सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने प्रशासन पर गुंडागर्दी करने और सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आगरा समेत 12 जिलों में आपातकाल से भी बुरे हालात हैं। वहीं, मेरठ-सहारनपुर खंड की मतगणना कृषि विश्वविद्यालय में चल रही है। यहां निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ मोबाइल लेकर अंदर जा रहे थे। दरोगा ने उन्हें रोककर चेकिंग कराने को कहा। इस पर विक्रांत नाराज हो गए और दोनों के बीच बहस होने लगी। विक्रांत ने दरोगा से कहा कि तुम हमें रोकोगे? तुम्हारी औकात क्या है, जो हमें अंदर जाने से रोकोगे।
उत्तर प्रदेश में 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 MLC सीटों के लिए मतगणना हो रही है। इन सीटों पर कुल 152 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान के दौरान कुल 55.24 प्रतिशत वोट पड़े थे। मतगणना लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में कराई जा रही है।
आगरा में सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधकों को परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि आगरा समेत 12 जिलों में आपातकाल से भी ज्यादा बुरी स्थिति है। पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की मुख्यमंत्री पर गुंडागर्दी के आरोप लगाए गए थे, लेकिन यूपी में भी ऐसा ही किया जा रहा है। आकाश अग्रवाल ने कहा कि गुंडई आपने भी उतनी ही की है, लेकिन बस उतने बलात्कार और हत्या नहीं हो पाई। इसी एक-दो बातों की कमी रह गई। उन्होंने कहा कि सत्ता में होने के कारण उसका दुरुपयोग किया जा रहा है। सपा प्रत्याशी ने मांग की कि मतगणना चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार हो और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष व ईमानदारी से पूरी कराई जाए।
बरेली में सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर ने आरोप लगाया कि चुनाव बूथ कैप्चरिंग और सत्ताबल के सहारे लड़ा गया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। मतगणना के दौरान अलग-अलग प्रत्याशियों की ओर से लगाए गए इन आरोपों के बीच सभी की नजर नतीजों पर है।