
वाराणसी/ आजमगढ़. बनारस के बेनिया स्थित राजनारायण पार्क से पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली आम आदमी पार्टी की जनाधिकार यात्रा अब पहुंच गई है आजमगढ़। गांव-गांव, पुरवा-पुरवा पैदल चलते, जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं करते, छात्रों, नौजवानों के अलावा सरकारी कर्मचारियों को अपने हक के लिए इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान करते ये आप नेता, प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में बिना थके, बिना हारे आगे बढ़ते जा रहे हैं। फिलहाल इनकी मंजिल है बलिया तक। इस पद यात्रा के दौरान आप नेता संजय सिंह लगातार केंद्र व राज्य सरकरा पर हमला बोल रहे हैं। शुक्रवार को ही उन्होंने आजमगढ़ की सभा में कहा कि गूंगी-बहरी योगी सरकार से अधिकारों को पाने के लिए करना होगा संघर्ष।
बेनिया में गरजे थे शत्रुघ्न सिन्हा
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने पहले 25 जून को बेनिया के राजनारायण पार्क में बड़ी रैली की थी जिसमें बीजेपी के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बिना किसी का नाम लिए केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री अरुण जेटली, पूर्व एचआरडी मंत्री स्मृति ईरानी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर जम कर प्रहार किया था। उस रैली में आप नेता संजय सिंह भी खूब बरसे थे। उसके अगले दिन काशी के भारत माता मंदिर से बनारस से बलिया तक की जनाधिकार पदयात्रा निकली जो जौनपुर होते हुए आजमगढ़ पहुंची है। बीते शुक्रवार को यात्रा का प्रस्थान लालगंज से हुआ, गोसाईं बाजार होते हुए बिंद्रा बाजार में जनसभा के बाद वहीं पर रात्रि विश्राम हुआ। इस यात्रा का मकसद लोगों को जागरूक करना है। लोगों को उनके हक के लिए लड़ना सिखाना है।
ये झूठे सपने दिखाने वाली है सरकार
ऐेसे में सांसद संजय सिंह ने लगातार केंद्र व राज्य सरकार पर प्रहार कर रहे हैं। आजमगढ़ की सभा में उन्होंने शुक्रवार को कहा कि प्रचंड बहुमत वाली भाजपा की सरकार में अच्छे दिनों के सपने देखने वाली जनता आज अपने जीवन के सबसे बुरे दिनों से गुजर रही है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा जैसे जीवन आधारित मुद्दों पर भाजपा की सरकार ने कोई काम नहीं किया है। सत्ता में बने रहने के लिए अलग-अलग जाति, धर्मो के लोगों को आपस में लड़ाने और समाज में नफरत फैलाने का काम किया है।
हर किसी को मिले उनका हक और हुकूक
उन्होंने कहा कि भाजपा की असलियत को घर-घर पहुंचाने एवं शिक्षा मित्र व आंगन बाड़ी कार्यकत्रियों को नियमित, युवाओं को नौकरी, बेटियों को सुरक्षा, किसानों की कर्जमाफी, पुरानी पेंशन की बहाली, संविदा कर्मियों की नियमित, बुनकरों की बदहाली को रोकना जैसे मुद्दों से जुड़े लाखों करोड़ों लोगों को अधिकार दिलाने के लिए जन अधिकार पद यात्रा की जा रही है। संजय सिंह ने छात्रों, नौजवानों, शिक्षामित्रों, आंगनवाडी कार्यकत्रियों, किसानों एवं मुद्दों से प्रभावित सभी लोगों से अपील की है कि जन अधिकार पद यात्रा में अधिक से अधिक लोग शामिल हो जिससे उनकी मांगों को गूंगी-बहरी योगी सरकार से हर कीमत पर पूरा कराया जा सके और आम आदमी की लड़ाई को मजबूत किया जा सके।
जनता में जग रही उम्मीद की किरण
प्रदेश सचिव सुधीर भारद्वाज ने बताया कि आम आदमी पार्टी की जनाधिकार पद यात्रा से जनता को उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है, जनता को विश्वास है कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार एक आम आदमी की सरकार है। यूपी में आप के आने से दिल्लीवासियों की तरह यहां भी शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी जैसी कई सुविधाएं मिलने लगेगी। प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सांसद संजय सिंह की मौजूदगी में पूर्वांचल प्रांत के अध्यक्ष संजीव सिंह का जन्मदिन सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर हर्षोल्लास के साथ मनाया।
पद यात्रा में पूर्वांचल प्रांत के अध्यक्ष संजीव सिंह, सचिव सतेन्द्र तिवारी, सभाजीत सिंह, वंशराज दुबे, अनीता सिंह, मुकेश कुमार, नीलम यादव, छवि यादव, विनय पटेल, संतोष रस्तोगी सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।