
Afghanistan Citizen Arreted : वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर इमिग्रेशन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अफगानिस्तानी नागरिक को फर्जी भारतीय पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाकर भारतीय दस्तावेज तैयार कराया था और वाराणसी से शारजाह जाने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में उसकी वास्तविक पहचान सामने आने के बाद उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से कई भारतीय दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, वाराणसी से शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-183 के यात्रियों की नियमित इमिग्रेशन जांच की जा रही थी। इसी दौरान भारतीय पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे एक यात्री के दस्तावेजों पर अधिकारियों को संदेह हुआ। पहली नजर में अधिकारियों को देखने से वह भारतीय प्रतीत नहीं हो रहा था। जांच और पूछताछ में पता चला कि वह भारतीय नागरिक नहीं, बल्कि अफगानिस्तान के गजनी प्रांत का रहने वाला अब्दुल रहमान ताराकी है।
अधिकारियों की जांच में सामने आया कि आरोपी जनवरी 2019 में मेडिकल अटेंडेंट वीजा पर अफगानिस्तान से भारत आया था। उसका वीजा अप्रैल 2019 में समाप्त हो गया, लेकिन वह वापस अपने देश नहीं लौटा और अवैध रूप से भारत में ही छिप कर रह रहा था। वहीं, गिरफ्तारी से बचने और आसानी से विदेश यात्रा करने के उद्देश्य से उसने अपनी पहचान बदल ली। आरोपी ने नाम, जन्मतिथि और माता-पिता का विवरण बदलकर मुंबई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से रहमान शाह के नाम पर भारतीय पासपोर्ट हासिल कर लिया।
जांच के बाद ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की तहरीर पर फूलपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता, पासपोर्ट अधिनियम तथा आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों को आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाण पत्र सहित कई भारतीय दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके अलावा उसके पास से 750 अमेरिकी डॉलर, 2255 यूएई दिरहम, 2060 अफगानी मुद्रा और 3110 रुपये नकद भी मिले हैं।
फूलपुर थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी भारतीय पहचान और पासपोर्ट बनवाने में किन लोगों ने उसकी मदद की। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।