बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में गुरुवार को रुइया और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हो गई। पथराव और मारपीट में संस्कृत विभाग के पीजी छात्र पीयूष तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
Varanasi Breaking News BHU violence: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में गुरुवार को दो हॉस्टलों के छात्रों के बीच जोरदार मारपीट और पथराव हुआ। इस घटना में एक पीजी छात्र पीयूष तिवारी को सिर में गंभीर चोट आई। उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। परिसर में तनाव फैल गया और पुलिस को भारी संख्या में तैनात करना पड़ा।
रुइया हॉस्टल के गेट पर यह झड़प हुई। आरोप है कि निष्कासित छात्र दर्शित पांडेय, रौनक मिश्रा, अंकित पाल और विश्वजीत यादव ने पीयूष तिवारी पर हमला किया। लगभग 20-30 छात्रों ने मिलकर मारपीट की और पथराव किया। पीयूष तिवारी संस्कृत विभाग के परास्नातक छात्र हैं। हमले के बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। छात्र डर गए और घटना की खबर फैल गई।
सूचना मिलते ही लंका थाने के इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा और बीएचयू चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित छात्रों को शांत करने की कोशिश की। छात्र आरोपी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए डीसीपी काशी गौरव के नेतृत्व में 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी हॉस्टल पहुंचे। उन्होंने हॉस्टल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस ने हॉस्टल के आसपास ड्रोन से निगरानी की। यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि कोई और हिंसा न हो और आरोपी छात्रों को पकड़ा जा सके। छात्रों का गुस्सा अभी भी बरकरार है। वे न्याय की मांग कर रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने में लगे हैं। यह घटना बीएचयू परिसर में सुरक्षा और छात्रों के बीच विवाद को लेकर चिंता बढ़ा रही है।
वहीं DCP काशी जोन वाराणसी गौरव बंसवाल ने बताया कि बिरला और रुइया छात्रावास के छात्रों के गुटों के बीच कुछ पुरानी कहासुनी को लेकर विवाद हुआ है। पत्थरबाजी की सूचना मिलते हैं भारी पुलिस बल यहां मौके पर पहुंचा। एक छात्र घायल हुआ है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसने अपने बयान में कुछ पूर्व छात्रों के नाम बताए हैं जो अनाधिकृत तौर पर यहां रह रहे हैं। उन्होंने चिन्हित करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।