वाराणसी कचहरी को एक बार फिर बम से उड़ने की धमकी मिली है। पिछले 15 दिनों में चौथी बार ऐसा हुआ है कि कचहरी को बम से उड़ने की धमकी दी गई है। यह धमकी अधिवक्ता के मोबाइल पर मैसेज भेज कर दी गई है...
वाराणसी: जिला एवं सत्र न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ने की धमकी मिली है। अधिवक्ता के मोबाइल नंबर पर एक एसएमएस भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि कचहरी को बम से उड़ा देंगे और तुम्हें भी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
मोबाइल नंबर पर आया SMS
जानकारी के मुताबिक, बार काउंसिल आफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल नंबर पर बनारस कचहरी को उड़ाने की धमकी भेजी गई है। त्रिपाठी ने इसकी जानकारी वरिष्ठ पदाधिकारियों को और पुलिस को दी है। मैसेज में लिखा है कि बनारस कचहरी को बम से उड़ा देंगे और तुम्हें भी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मैसेज
श्रीनाथ त्रिपाठी को भेजा गया यह मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खुद श्रीनाथ त्रिपाठी ने भी इस मैसेज को अपने फेसबुक अकाउंट से शेयर किया है। पिछले 15 दिनों में यह चौथी बार हुआ है कि कचहरी को बम से उड़ने की धमकी मिली है।
पुलिस चला रही तलाशी अभियान
धमकी के बाद पुलिस की टीम डॉग स्क्वायड और बम निरोधक रास्ते के साथ कचहरी परिसर में तलाशी अभियान चला रही है। इसके साथ ही अधिवक्ताओं से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु को देखने पर पुलिस को सूचित करें। गौरतलब है कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के ऊपर लगे बाल यौन शोषण के आरोपों के मामले में त्रिपाठी ही उनके अधिवक्ता हैं।