वाराणसी

2019 चुनाव से पहले बीजेपी में मच सकता है घमासान, इस सीट पर सामने आए कई दावेदार

कौन बनेगा प्रत्याशी , अटकलों का बाज़ार गर्म
2 min read
• •
Updated: 13 Jan 2018, 9:37 AM IST
Kalraj Mishra
कलराज मिश्र

देवरिया. चंद रोज पहले वर्ष 2018 की शुरुआत हुई है लेकिन अभी से जिले में 2019 की चर्चा चल पड़ी है । सुनकर चौंके नही हम राजनीतिक गलियारों की चर्चा कर रहे हैं । अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के ताने बाने अभी से बनने और बनाए जाने लगे हैं । भाजपा मे ही वर्तमान सांसद कलराज मिश्र के हटने की चर्चा के बीच कई नए सम्भावित प्रत्याशियों ने भागदौड़ भी तेज कर दी है । अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में जिले की देवरिया लोकसभा सीट से प्रत्याशी कौन होगा इसके लिए जोर आजमाइश अभी से शुरु हो गई है ।

2014 में देवरिया संसदीय सीट पर पार्टी प्रत्याशी बनने की होड़ में अन्त तक सबसे आगे चलने वाले जिले के राजनीति से जुड़े पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही का टिकट काट कर यहां संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र को उतारा गया तो एक बार भी ऐसा लगा कि ये सीट पार्टी हार जाएगी। सूर्य प्रताप शाही के ऊपर निर्दल मैदान में उतरने के लिए कार्यकर्ताओं ने दबाव भी बनाया लेकिन उन्होंने दल से बगावत नही करने का अपना फैसला सुना दिया । समय बीता मायूस कार्यकर्ता धीरे धीरे जुटे और फिर मोदी मैजिक के सहारे अच्छे मतों के अन्तर से कलराज मिश्र यहां से निर्वाचित हो गए । सांसद तक पहुंचने की यात्रा तो पूरी हो गयी लेकिन संगठन स्तर पर शुरु हुआ गतिरोध की छाया अभी तक कार्यक्रमों में साफ दिखती है ।

कुछ दिन पूर्व ही सांसद कलराज मिश्र की मन्त्रिमण्डल से छुट्टी किए जाने के बाद जिले में इस बात की चर्चा भी काफी तेज है कि उनके स्थान पर इस बार 2019 के लोकसभा चुनाव में कोई नया प्रत्याशी ही सामने आएगा । अन्दर खाने की छिड़ी इस चर्चा का ही परिणाम है कि दल से जुड़े कई नेता इस लोकसभा क्षेत्र की परिक्रमा में अभी से जुड़ गए हैं । देवरिया - कुशीनगर की सीमा क्षेत्र के निवासी पूर्व वरिष्ठ टीवी पत्रकार व भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी की सांगठनिक भागदौड़ काफी तेज दिख रही है वहीं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीते विधान परिषद सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह की इस इलाके में मौजुदगी और इस क्षेत्र में लगे नए वर्ष के शुभकामना के साथ एक कदम सांसद की ओर बढ़ाने का संदेश देते होर्डिंग यही संकेत दे रहे हैं । इन नामों के अलावा कई और लोग भी हैं जो संगठन के अन्दर अपनी जुगत फिट करने में लगे हैं लेकिन वर्तमान सांसद कलराज मिश्र के नजदीकियों की माने तो एक बार पुनः वो अपनी दावेदारी इसी सीट के लिए करेंगे । पार्टी के अन्दरूनी सूत्रों में छिड़ी चर्चाओं की माने तो पिछले लोकसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद बीते विधान सभा चुनाव में जोरदार एंट्री कर प्रदेश के कृषि मंत्री बने सूर्य प्रताप शाही को भी मैदान में उतारने पर विचार मंथन चल रहा है । वैसे इधर कुछ कार्यक्रमों में कलराज मिश्र और सूर्य प्रताप शाही एक साथ भी देखे गए ।

जिला मुख्यालय की इस संसदीय सीट में देवरिया जिले के साथ साथ कुशीनगर की दो विधानसभा भी सम्मिलित हैं । एक साल पहले से ही राजनीति के पंडितों ने अपना गुणा भाग करना शुरु कर दिया है लेकिन लोकसभा चुनाव के आखिरी शंखनाद के बाद कौन सी बयार बहेगी ये अभी से कहना थोड़ी जल्दबाजी ही होगी ।
1. जनता के बीच पूर्व टीवी पत्रकार और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शलभमणि ।
2.अपने एक शुभेछु की शव यात्रा में कंधा देते एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह ।
3. क्षेत्र में एक खेल के आयोजन में सांसद कलराज मिश्र के साथ कृषि मंत्री शाही

Updated on:
13 Jan 2018, 9:37 AM IST
Published on: