
वाराणसी. दागी माननीयों के लंबित मामलों की अब जल्द सुनवाई होगी। हाईकोर्ट ने बनारस से माननीयों की फौजदारी से जुड़े लंबित मामलों की फाइल तलब कर ली है। सूची में विधायक, पूर्व सांसद से लेकर बाहुबली नेताओं के नाम शामिल है। लोकसभा चुनाव 2019 के पहले कोर्ट ने लंबित मुकदमों पर निर्णय कर दिया तो चुनाव लडऩे का सपना भी टूट सकता है। सूची तलब होते ही माननीयों में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़े:-राजा भैया से आगे निकले शिवपाल यादव, अखिलेश यादव भी हो चुके हैं परेशान
उच्चतम न्यायालय ने सांसद, विधायक, पूर्व सांसद व विधायकों पर दर्ज मुकदमों की जल्द सुनवाइ के लिए राज्यों में स्पेशल कोर्ट का गठन किया है। इसी निर्देश पर गठित इलाहाबाद हाईकोर्ट की स्पेशल बेंच ने सभी जिलों के न्यायालय से माननीयों पर दर्ज लंबित मामलों की फाइलें तलब की है। इसी क्रम में बनारस से भी फाइल मंगायी गयी है। बनारस कोर्ट ने पत्र मिलते ही माननीयों से जुड़ी कुछ फाइलों को भेज दिया है, जबकि अन्य मामलों की फाइलों को भी सप्ताह के अंदर भेज दिया जायेगा।
यह भी पढ़े:-विश्व बैंक ने की थी पीएम मोदी की जिस योजना की तारीफ, लागू होते ही पकड़ी रफ्तार
इन माननीयों के भविष्य का जल्द होगा फैसला
कुछ माननीयों पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है तो कुछ माननीयों पर राजनीतिक मुकदमे दर्ज है। सीएम योगी आदित्यनाथ के कैबिनेट मंत्री व सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर कमिश्ररी परिसर में तोडफ़ोड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज है। अनुप्रिया पटेल के अपना दल के विधायक नील रतन पटेल पर १० साल पहले गैंगस्टर का आरोप लगा था। इसी क्रम में बाहुबली धनंजय सिंह पर जानलेवा हमले करने के आरोप में अखिलेश यादव के करीबी व पूर्व विधायक अभय सिंह, बाहुबली मुख्तार अंसारी, कांग्रेस के पूर्व विधयाक अजय राय, आय से अधिक सम्पत्ति मामले में पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्रा, पूर्व मंत्री सुरेन्द्र पटेल, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, सेंट्रल जेल में गैंगस्टर अन्नू त्रिपाठी की हत्या में पूर्व विधायक उदयभान सिंह आदि नेता शामिल है। इन नेताओं में कुछ पर दूसरी सरकार में सरकारी सम्पत्ति की तोडफ़ोड़ के मुकदमे दर्ज है। हाईकोर्ट के फाइल तलब करने से साफ हो गया है कि वर्षों से लंबित मुकदमों का अब निस्तारण हो जायेगा। पता चलेगा कि माननीयों पर दर्ज मुकदमे फर्जी थे यह सच्चाई थी।
यह भी पढ़े:-BJP विधायक ने कहा हवा में है सबका साथ सबका विश्वास का नारा, पार्टी में मचा हड़कंप