वाराणसी

काशी के इन युवाओं को सलाम जिन्होंने वह कर दिखाया जो अब तक सरकारें न कर सकीं

काशी में चार दोस्तों संग शुरू की समाज सेवा। गांवो को किया समृद्ध। अब नक्सल क्षेत्र में जगा दी जीवन की आस। नक्सल प्रभावित गांवों के परिवारों को लाए मुख्य धारा में।
6 min read
• •
Updated: 11 Jul 2018, 2:33 PM IST
टीम होप व मिर्जापुर की ग्रीन ग्रुप महिलाएं
टीम होप व मिर्जापुर की ग्रीन ग्रुप महिलाएं

वाराणसी. वास्तव में कहने को आजादी के 70 साल हो गए, पर आज भी गांवों की ओर नजर दौड़ाएं तो चारों तरफ बदहाली ही दिखेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य की बदहाली मिलेगी। बच्चों का बचपन कब छिन गया शायद उन्हें पता ही नहीं होगा। कागज-कलम तो दूर, स्लेट-पेंसिल तक नहीं देखा होगा। महिलाएं ऐसी जो घर से लेकर खेत तक सिर्फ और सिर्फ काम, काम और काम ही जानती हैं। सिर से पल्लू कभी नहीं गिरा पर खेती गृहस्थी को इन्होंने बखूबी संभाला। लेकिन जीते हमेशा अवसाद में ही रहे। पुरुष वर्ग के पास चार पैसे आए कि वो नशे के आदी हो गए या जो कुछ भी टेट में आया वह जुए के पड़ पर हार गए। कई ऐसे गांव आज भी मिल जाएंगे जहां के लोगों के लिए बिजली आश्चर्य की चीज है। विकास क्या होता है शायद इन्हें इसकी भनक तक नहीं। यही वो कारण जिसके चलते इस देश में नक्सलवाद और आतंकवाद ने जन्म लिया जिससे कोई सरकार नहीं लड़ पाई। कारण कि जो प्यार, जो मोहब्बत इन्हें चाहिए वो मिला नहीं। जनप्रतिनिधिन हों या सरकारी अफसर किसी ने इनकी जरूरतों पर कभी गौर नहीं किया। लेकिन इनकी तरफ ध्यान गया काशी के कुछ होनहार युवकों का। वे युवक जिनके दिल में था कुछ कर गुजरने का जुनून। कुछ नया, कुछ ऐसा करने का जुनून जो औरों के लिए हो। ऐसे ही चार दोस्तों ने मिल कर एक ग्रुप बनाया और वाराणसी के गांवों के विकास के लिए काम शुरू किया। देखते ही देखते तकरीबन आधा दर्जन गांवों में खुशहाली ला दी। जरूरत पड़ी तो पॉकेट खर्च से निकाल कर अंशदान भी किया। लेकिन ज्यादातर तो इन्होंने उन सरकारी योजनाओं को ही मूर्त रूप दिलाने की कोशिश की जो 1947 से अब तक लागू जरूर की गईं, लेकिन धरातल तक पहुंचीं नहीं। दरअसल ये कहा जाए कि गांधी के ग्राम स्वराज की कल्पना को साकार करने का बीड़ा उठाया इन युवकों ने तो अतिशयोक्ति न होगी। अब इन युवकों की टीम बड़ी हो गई है। इन्होंने ग्रुप बना लिया है जिसका नाम रखा है 'होप' यानी उम्मीद। इसी उम्मीद की किरण पहले इन्होंने फैलाई वाराणसी के गांवों में अब ये निकल लिए हैं बनारस के आसपास के उन इलाकों में जहां सरकारी हुक्मरान भी जाने से कतराते है। हां, बात नक्सल प्रभावित इलाकों की हो रही है। चंदौली से मिर्जापुर होते सोनभद्र तक के बीहड़ों में फैले नक्सल प्रभावित गांवों में धीरे-धीरे इन युवकों ने उस समाज की महिलाओं को जोड़ा ग्रुप से। उनका ग्रीन ग्रुप बनाया। ये वो महिलाएं थीं जो पर पुरुष की ओर देख भी नहीं सकती थीं, उन्हें इसका अधिकार ही नहीं था। लेकिन इन युवाओं जिनके साथ कुछ युवतियां भी जुड़ी हैं ने महिलाओं को मोबलाइज कर उन्हें उनके अधिकार बताए साथ ही बताया कि वो क्या करें कि उनके घरों के पुरुष भी सही रास्ते पर आ सकते हैं, बच्चे पढ़ लिख कर अपना भविष्य़ सुधार सकते हैं। यानी उस अति पिछड़े लोगों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास शुरू किया। तमाम विरोध व झंझावातों को झेलते हुए ये अब अपने मकसद में काफी हद तक सफल हैं।

इस तरह से जीता विश्वास
होप ग्रुप के युवक, युवतियों ने जब नक्सल प्रभावित इलाकों की तरफ रुखसत किया और जब ये वहां पहुंचे तो इन्हें भी बाहरी समझ कर, पराया समझ कर, सरकारी नुमाइंदा समझ कर तिरस्कार भी झेलना पड़ा। नक्सल प्रभावित इलाकों के लोगों ने इन्हें अपना दुश्मन माना। हमेशा सशंकित रहे कि इनसे कुछ हमारा बिगड़ेगा ही। लेकिन इन्होंने अपना धैर्य बनाए रखा और कुछ पुरनियों को जोड़ा तो कुछ हुक्मरानों की भी मदद ली। धीरे-धीरे विश्वास जीता। फिर क्या था एक बार नई किरन दिखी तो फिर पीछे मुड़ कर नहीं देखा। आज उन नक्सल प्रभावित इलाकों की महिलाओं का ग्रीन ग्रुप बन चुका है। वो महिलाएं ही अपनों के बीच नशा उन्मूलन, जुआखोरी की जमकर मुखालफत कर रही हैं। अपने पतियों को समझा रहीं है कि शराब और जुआ के चलते ही उनका जीवन तो बर्बाद हो ही रहा है परिवार भी प्रभावित हो रहा है। बच्चे भी होश संभालते ही उन्हीं सब से जुड़ते जा रहे हैं।

नक्सल प्रभावित इलाकों में पुरुष नशा और जुआखोरी से मुंह मोड़ने लगे
इस होप ग्रुप के युवा साथियों की देन है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सौ फीसदी नहीं तो 40-50 फीसदी तक पुरुषों ने नशाबंदी को स्वीकार कर लिया है। जुआ खेलना बंद हो गया है। बच्चे अपने बचपन को जानने लगे हैं। पेड़ के नीचे ही सही पर ककहरा सीखने लगे हैं। महिलाएं प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बारे में जानने लगी हैं। अपने हक व अधिकार के लिए लड़ना आ गया है। वो महिलाएं ही अब ग्रीन ग्रुप का हिस्सा हैं और ये खुद टोली बना कर गांव-गांव, पुरुवा-पुरवा घूम कर लोगों को जागरूक कर रही हैं। ये एक क्रांतिकारी परिवर्तन लाया इन युवाओं ने। बता दें कि होप संस्था द्वारा पुलिस अधिक्षक मिर्ज़ापुर आशीष तिवारी के निर्देशन में जिले के नक्सल क्षेत्र के 10 गांवों में युवाओं को नशा,जुआ और महिला प्रताड़ना जैसी कुरीतियों के साथ साथ महिलाओं व बच्चों के साथ होने वाले अपराधों के विरुद्ध जागरूक करने के उद्देश्य से ग्रीन ग्रुप का गठन किया है।


महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े
इनके जोश,जज्बे और जुनून की ही देन है कि राज्य सरकार ने भी इन्हें खुद से जोड़ लिया है। अब ये महिला एवं बाल कल्याण विभाग का हिस्सा बन गए हैं। हालांकि इसकी पहल खुद होप के युवाओं ने की थी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और मासूम बच्चों का जीवन सवारने के लिए एक प्रोजेक्ट रिपोर्ट सौंपी थी जो महिला एवं बाल विकास विभाग को पसंद आया। विभाग ने इन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए कुछ शर्तें भी रखीं। वो भी स्वीकार कर लिया गया। इस संबंध में होप के संस्थापक मंडल में से एक दिव्यांशु उपाध्याय ने पत्रिका को बताया कि हमें भी इंतजार है महिला एवं बाल विकास विभाग के पत्र का। जैसे ही उनका पत्र मिलेगा हम लोगो दोगुने उत्साह से ग्रामीण जीवन को सुखमय बनाने के लिए जुट जाएंगे। सुदूर पिछड़े गांव में आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक व प्राथिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राइमरी और उच्च प्राथमिक स्कूल, लोगों के घरों में शौचालय हो जाए तो उससे बड़ी खुशी और क्या होगी।

होप की प्राथमिक मांग, साल में एक दिन हो गांवों के लिए, मनाया जाए ग्रामीण दिवस
होप के गठन के पीछे इन बीएचयू, जेएनयू, डीयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के युवक युवतियों का सपना है ग्रामीण दिवस। इनकी एक मांग से शुरू हुआ यह अभियान। इन युवक युवतियों का मानना है कि साल में एक दिन गांववासियों के लिए होगा तो गांव का विकास होगा। केंद्र और राज्य सरकारों से इन गांवों और गांव वालों के विकास के लिए कितना धन आया और कितना खर्च हुआ, कहां खर्च हुआ इसका लेखा जोखा रखा जाएगा। गांव से जुड़े एनआरआई यहां आएंगे तो गांव भी राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर उभरेंगे। गांव की विशेषताओं का प्रचार प्रसार होगा तो पर्यटन उद्योग शहर से गांव में भी फैलेगा। उस एक सपने ने इन्हें यहां तक पहुंचा दिया कि अब ये नक्सल प्रभावित बीहड़ों में जा कर नक्सल परिवारों को समाज की मुख्य धारा में लाने में सफल हो रहे हैं।

बेटियां समाज के लिए वरदान हैं: प्रो वीएन मिश्र
इन्हीं युवकों ने बुधवार को मिर्जापुर जिले के नक्सल प्रभावित गांव भीटी,भवानीपुर, हिनौता में स्वास्थ्य शिविर लगाया। इस शिविर में पहुंचे बीएचयू आईएमएस के न्यूरोलॉजिस्ट प्रो विजय नाथ मिश्र। इस शिविर में ग्रीन ग्रुप व गांव की अन्य महिलाएं भी शामिल हुई। प्रो मिश्र इन युवाओं की उपलब्धि से चकित हो गए। जिस तरह से इस नक्सल प्रभावित गांव की महिलाओं का ग्रीन ग्रुप तैयार हुआ है, उन महिलाओं की बातों को सुन कर वह हैरान रह गए। कहा ऐसा तो शहर में नहीं मिलता, विकसित इलातों में देखने को नहीं मिलता। किस तरह से सामाजिक बुराईयों के खिलाफ ये महिलाएं जंग लड रही हैं। नशाखोरी, जुआखोरी और महिलाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार और हिंसा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रोफेसर विजय नाथ मिश्र ने ग्रीन ग्रुप की महिलाओं को उनके सामाजिक कार्य के लिये प्रोत्साहित किया और सामाजिक कुरीतियों एवं स्वास्थ्य संबंधी मुद्दे को उठाते हुए उनके निराकरण का समाधान बताया। साथ ही प्राकृतिक आपदा से बचाव का भी सुझाव दिया। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध और बेटियों के शिक्षा स्तर बढ़ाने के लिए ग्रीन ग्रुप महिलओं को असाधारण अभियान चलाने को प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बेटियों के जन्म पर ग्रीन ग्रुप के साथ मिलकर समारोह पूर्वक जश्न मनाया जायेगा। बेटियाँ समाज के लिए वरदान है। गांव की महिलाओं ने अपनी अपनी शारिरिक समस्याओं से उन्हें अवगत कराया तो उन्होंने उन्हें इलाज संबंधी जानकारी दी। साथ ही साथ घरेलू उपाय भी बताया। प्रो मिश्र ने आश्वासन दिया कि अगले हफ्ते स्वास्थ्य संबंधी कैम्प का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। इस दौरान राजगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी अखिलेश पांडेय और होप संस्था के रवि मिश्रा, दिव्यांशु उपाध्याय, संग्राम सिंह, श्यामकांत सुमन, संदीप गुप्ता मौजूद थे।

Updated on:
11 Jul 2018, 2:33 PM IST
Published on: