
वाराणसी. यूपी के ये ब्राह्मण नेता जिनका तिलिस्म तोड़ने की कोशिश बड़े-बड़े दिग्गजों ने की पर कामयाब नहीं हो पाए। हम बात कर रहे हैं कांग्रेस के नेता प्रमोद तिवारी की।
बता दें कि प्रमोद तिवारी उत्तर प्रदेश कांग्रेस के एक मात्र ऐसे ब्राह्मण नेता हैं, जब पूरे प्रदेश में पार्टी हाशिये पर थी। उस समय लगातार प्रतापगढ़ के रामपुर खास सीट से 1980 से लगातार नौ बार जीत कर अपने नाम रिकॉर्ड बनाया। साथ ही अपनी राजनितिक विरासत बेटी को सौप राज्यसभा में सांसद थे। रीता बहुगुणा जोशी के बाद प्रमोद के पार्टी छोड़ने की अटकलों ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया था। हालांकि प्रमोद तिवारी ने इन सभी बातो का खंडन किया था और कांग्रेस छोड़ने की सभी बातों को अफवाह बताया था।
संक्षिप्त परिचय
प्रमोद तिवारी का जन्म 16 जुलाई 1951को यूपी के प्रतागढ़ जिले में हुआ था।
ये प्रतापगढ़ से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं।
इनका चुनाव क्षेत्र रामपुर खास, प्रतापगढ़ है।
इनका निवास स्थान संग्रामगढ़ लालगंज है।
एजुकेशन
इन्होंने बीएससी और एलएलबी किया है।
12 चुनावों में 10 बार कांग्रेस प्रमोद तिवारी का रहा कब्जा
रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र के लिए अब तक हुए 12 चुनावों में 10 बार कांग्रेस प्रमोद तिवारी का कब्जा रहा है। वर्ष 1980 में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने इस सीट पर पहली बार जीत का झंडा लहराया तो उसके बाद से कांग्रेस ने आज तक किसी दल को खाता नहीं खोलने दिया। इससे पहले दो बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में तेजभान सिंह निर्वाचित हुए थे। वहीं 2012 विधान सभा चुनाव में बसपा के हीरामणि पटेल को 31534 वोटों से हराया था।
लागातार नौ बार जीते चुनाव
लगातारन नौ बार चुनाव जीतकर रिकॉर्ड बनाने वाले प्रमोद तिवारी को घेरने के लिए वर्ष 2007 में समाजवादी पार्टी ने विज्ञात सिंह को रामपुर खास से चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन प्रमोद तिवारी ने उन्हें 30 हजार से ज्यादा मतों से हराया।
गिनीज बुक में है नाम दर्ज
प्रमोद तिवारी रामपुर खास सीट से 9 बार लगातार जीत चुके हैं। इस सीट से पहली बार 1980 में चुनाव जीता था। 1984 से 1989 के बीच दो बार राज्य मंत्री बने। वहीं ये प्रतापगढ़ में कई कॉलेजों के अध्यक्ष हैं। रामपुरखास सीट से लगातार नौ विधानसभा चुनाव जीतकर गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराने वाले प्रमोद तिवारी पिछले दो दशक से कांग्रेस विधायक दल के नेता रहे हैं।
उड़ी थी ये अफवाह
यूपी की सियासत में चल रही उठा पटक के साथ चिठ्ठी बम से लेकर सोशल साईट पर कांग्रेस की दिग्गज ब्राहमण नेता रीता बहुगुणा जोशी के भाजपा में चले जाने के बाद से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के भाजपा में शामिल होने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया था। सोशल मीडिया में तेज़ी से ये खबर वायरल हो रही थी कि, प्रमोद तिवारी भी जल्द ही कांग्रेस को अलविदा कहने वाले हैं। इसके बाद प्रमोद तिवारी ने भाजपा में शामिल होने की बातों को अफवाह करार दिया था और बताया था कि, यह विरोधियों की चाल है।