शहर में रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए समाजवादी महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। महिलाएं हाथों में सिलेंडर लेकर जिला मुख्यालय पहुंची और ज्ञापन सौंपा...
वाराणसी: शहर में बढ़ती गैस की किल्लत और घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ समाजवादी महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया है। महिलाएं हाथों में सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतरी और जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार पर आरोप लगाया कि शहर में गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहा है और सरकार इस बात से अभिज्ञता जाता रही है।
सड़कों पर उतरी महिला सभा की कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गैस एजेंसी पर लोगों को घंटों लाइन में लग कर सिलेंडर लेने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, फिर भी उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं को हो रही है, क्योंकि घर में खाना बनाने की जिम्मेदारी उनके ऊपर ही होती है। इस दौरान महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने हाथ में बर्तन और खाली सिलेंडर लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल और पूर्व राज्य मंत्री रिबू श्रीवास्तव के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाएं प्रदर्शन करते हुए जिला मुख्यालय पहुंची। उन्होंने बढ़ती गैस की कीमतों का हवाला देते हुए कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर ने घर का बजट बिगाड़ रखा है, जिस वजह से परिवार चलाना भी अब मुश्किल हो रहा है। वहीं, सरकार कह रही है कि देश में घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
देश में सिलेंडर की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने कहा कि एक तो गैस की कीमत बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ उपभोक्ताओं को ब्लैक में सिलेंडर दिए जा रहे हैं। सरकार ने वादा किया था की महंगाई को कम करेगी, लेकिन ठीक इसके विपरीत कार्य किया जा रहा है। इस दौरान महिलाओं ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा। इसके साथ ही कहा कि जिले में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाया जाएं।
समाजवादी महिला सभा के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की कानून व्यवस्था की स्थिति नहीं उत्पन्न हुई और महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए अपना ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच भारत समेत कई देशों में ईंधन का संकट खड़ा हो गया है। इसी कड़ी में वाराणसी में भी एलपीजी गैस को लेकर लोगों में असंतोष बढ़ता दिख रहा है। बीते दिनों काशी के अन्नपूर्णा मंदिर की रसोई भी गैस की अनुपलब्धता के कारण बंद कर दी गई थी। हालांकि, अब उसे फिर से चालू कर दिया है।