
Rajan murder workout by Varanasi police : वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र में सोमवार को गोली मारकर हुई बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य अभियुक्त समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि मुख्य अभियुक्त के घर में कुछ दिनों से लगातार परिजनों की मौत हो रही थी, जिसका कारण वह राजन को मानता था। इसलिए उसने राजन की गोली मारकर हत्या कर दी।
चौक थाना क्षेत्र में सोमवार को बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य अभियुक्त विशाल भारतीय, राजन को उसके परिवार में हो रही मौतों का कारण मानता था। पुलिस ने इस मामले में विशाल भारतीय, विकास विश्वकर्मा, सुजीत वाल्मीकि और कृष्णा वाल्मीकि को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि घटना के दौरान विशाल और विकास ने मुखबिरी की थी, जबकि सुजीत और कृष्णा ने पिस्टल से दो गोलियां मारकर राजन की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया है कि सोमवार को हुई इस घटना के बाद 6 घंटे के भीतर पुलिस को अहम सुराग मिल गए और महज 24 घंटे में चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। एसीपी ने बताया कि आरोपी विशाल को लगता था कि राजन तंत्र-मंत्र करता है और इसी वजह से उसके घर में लोग मर रहे हैं। इसी वजह से आरोपी ने सोचा कि यदि राजन की हत्या कर दी जाए तो उसके परिवार में अन्य लोगों की मृत्यु नहीं होगी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने उसके पिता का भूत उसके ऊपर आने की बात कही, लेकिन कुछ ही देर में कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने बताया कि वह बचने के लिए नाटक कर रहा था।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद किए गए असलहे की भी तफ्तीश की जा रही है, क्योंकि वह असलहा अवैध है, इसलिए आरोपियों के पास वह कैसे पहुंचा पुलिस किसकी भी पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि दो अभियुक्त एक ही कॉलोनी के रहने वाले हैं जबकि दो मंडूवाडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त थे। चारों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया था।