वाराणसी

जिला अस्पताल के लैब में शराब पीने का मामला, लैब टेक्नीशियन के निलंबन की संस्तुति, हटाए गए 4 संविदाकर्मी

पंडित दिन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के लैब में शराब पीने के मामले में कार्रवाई हुई है। जांच के आधार पर 5 लोग दोषी पाए गए हैं, जिनमें से 4 को बर्खास्त किया गया है...

2 min read
Mar 17, 2026

वाराणसी: पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के लैब में शराब पीने के वीडियो वायरल होने के मामले में जांच कमेटी ने 5 कर्मचारियों को दोषी पाया है। मामले में लैब टेक्नीशियन के निलंबन की संस्तुति की गई है, जबकि चार संविदा कर्मियों को सेवा मुक्त कर दिया गया है। सीएमएस ने लैब टेक्नीशियन के ड्यूटी स्थान को भी बदल दिया है और उसे अन्य विभाग में स्थानांतरित किया गया है।

जांच में दोषी पाए गए सभी कर्मचारी

शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय के लैब में बैठकर कर्मचारियों के शराब पीने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके साथ ही टेबल पर नॉनवेज भी रखा गया था। इस मामले में सीएमएस डॉक्टर आरएस राम ने जांच की बात कही थी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद व कर्मचारियों के दोषी पाए जाने पर लैब टेक्नीशियन जितेंद्र कुमार के निलंबन के संस्तुति की गई है। इसके साथ ही चार संविदा कर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया है।

स्वास्थ्य महानिदेशक को भेजी गई रिपोर्ट

सीएमएस ने स्वास्थ्य महानिदेशक को जांच रिपोर्ट भेजी है और लैब टेक्नीशियन के निलंबन के लिए लिखा है। बताया जा रहा है कि लैब टेक्नीशियन ने वार्ड बॉय के तौर पर नौकरी शुरू की थी और इस दौरान प्रमोशन पाकर वह लैब टेक्नीशियन बना था। इस लैब में मरीजों के खून, यूरिन इत्यादि की जांच होती है। सीएमएस ने बताया था कि वीडियो उनके जॉइन करने से पहले का है और इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वायरल हुआ था वीडियो

दरअसल, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद जिला अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों पर सवाल उठने शुरू हो गए थे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि अस्पताल के कर्मचारी लैब में बैठकर शराब पी रहे हैं। इसके साथ भी टेबल पर नॉनवेज की प्लेट भी रखी हुई है। वीडियो में सिगरेट पीते हुए भी लोग देखे जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ था।

Updated on:
17 Mar 2026 09:00 am
Published on:
17 Mar 2026 08:33 am
Also Read
View All

अगली खबर