वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जांच के दौरान एक विदेशी नागरिक के पास से सैटेलाइट फोन बरामद हुआ है। सुरक्षा एजेंसी आरोपी यात्री से पूछताछ में जुटी हैं...
वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक विदेशी नागरिक के बैग से सैटेलाइट फोन बरामद हुआ है। सीआईएसएफ की जांच में उसके बैग से यह फोन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस और इंटेलीजेंस की टीम मौके पर पहुंची और यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि यात्री वाराणसी से मुंबई जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट में एंट्री के दौरान सीआईएसएफ द्वारा की जा रही स्क्रीनिंग में स्विट्जरलैंड के रहने वाले एंड्रयू सीरिल नामक विदेशी यात्री के बैग में कुछ संदिग्ध दिखाने के बाद सीआईएसएफ कर्मियों ने बैग खुलवाकर देखा तो उसमें एक सैटेलाइट फोन पड़ा था। सैटेलाइट फोन मिलाने के बाद सीआईएसएफ ने इसकी जानकारी लोकल पुलिस को दी। इसके साथ ही इंटेलिजेंस की टीम ने भी एयरपोर्ट पहुंचकर विदेशी नागरिक को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि एंड्रयू एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-696 से वाराणसी से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाला था और इसी दौरान उसके पास से यह फोन बरामद हुआ है। एंड्रयू ने बताया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि भारत में आम नागरिकों का सैटेलाइट फोन रखना गैरकानूनी है।
फिलहाल, आरोपी यात्री को पुलिस बाबतपुर चौकी पर लेकर पहुंची है। इसके साथ ही इंटेलिजेंस ब्यूरो, लोकल इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी यात्री के सैटेलाइट फोन की भी जांच की जाएगी। इसके साथ ही भारत में वह किन-किन इलाकों में गया इस बात की भी जानकारी निकाली जा रही है।