यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट ने ₹50 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया बदमाश शातिर किस्म का गो-तस्कर है, जिसके ऊपर चंदौली पुलिस ने इनाम रखा था....
वाराणसी: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स की वाराणसी यूनिट ने एक शातिर गो-तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर चंदौली पुलिस ने ₹50 हजार का इनाम रखा था, जिसे लोहता इलाके से एसटीएफ ने गिरफ्तार किया। आरोपी के ऊपर वाराणसी में भी मुकदमे दर्ज हैं।
2024 में चंदौली पुलिस ने दर्ज किया था मुकदमा
एसटीएफटी की वाराणसी यूनिट ने कई दिनों से फरार चल रहे शातिर गो-तस्कर मोहम्मद अरशद को गिरफ्तार किया है। अरशद के खिलाफ 2024 में चंदौली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था और उसके ऊपर ₹50 हजार का इनाम रखा गया था। एसटीएफ के मुताबिक, चंदौली के कोतवाली थाना अंतर्गत 2024 में तीन वाहनों से 34 गोवंश बरामद हुए थे। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था। इसी मामले में अरशद का नाम सामने आया था।
वाराणसी के लोहता से हुआ गिरफ्तार
अरशद का नाम सामने आने के बाद वह पुलिस के निगाहों से बचते हुए आसपास के जनपद में छिपकर रह रहा था। इसी दौरान एसटीएफ की वाराणसी इकाई को सूचना मिली कि वह लोहता के घमरिया मैदान के पास मौजूद है, जिसके बाद एसटीएफ की टीम ने उसे गिरफ्तार किया है।
वाराणसी में भी दर्ज हैं मुकदमे
एसटीएफ के मुताबिक, अरशद वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह एक मनबढ़ और दबंग किस्म का अपराधी है और अपने आसपास के क्षेत्र में अक्सर लोगों के साथ मारपीट किया करता था। अरशद के ऊपर 2020 और 2021 में सिगरा थाने में मारपीट का मुकदमा भी दर्ज हुआ था और इसके बाद से ही वह धीरे-धीरे को तस्करों के संपर्क में आया।